बुधवार, 8 अप्रैल 2020

कोरोना :- एक महामारी, या एक अलार्म



कृष्ण कहते हैं 
"यह देख, गगन मुझमें लय है,
यह देख, पवन मुझमें लय है,
मुझमें विलीन झंकार सकल,
मुझमें लय है संसार सकल।
अमरत्व फूलता है मुझमें,
संहार झूलता है मुझमें। "

साथ ही एक जगह कहते हैं  

     "सुने को साध न सकता है, 
      तु मुझे बांध कब सकता है,"

जो बात दिनकर के कृष्ण ने दुर्योधन  से कहा था, आज शायद वही बात प्रकृति हमसे तो नहीं कहना चाह रही है । 
कि ऐ दुनिया को मुठ्ठी में बांधने की कोशिश करने वाला इंसान रुक जा ठहर जा। 

अभी जब मैं यह लिख रहा हूँ, सारी दुनिया एक सन्नाटे से गुजर रही है। हम अपनी तमाम शान ओ शौकत, अपनी अच्छाई बुराई, किसी के प्रति अपना स्नेह, किसी से दुश्मनी, किसी से इर्ष्या आदि को भूल बैठे हैं।  थमे हुए हैं रुके हुए हैं, और देख रहे हैं प्रकृति और मानव का युद्ध मात्र। 

हमारी पैसे और धुआँ उगलती, मानव को सिर्फ कोयले, मशीन , कच्चे माल के ही जैसी सिर्फ संसाधन समझने वाली फैक्ट्रियां थमी हुई हैं। हमारी मुख्य जरूरत में स्वास्थ्य, रोटी और आश्रय शामिल है बस । लाखों करोड़ों की चमकदार गाडियाँ खड़ी हो गयी हैं। लाखों की घड़ियाँ रुक गयीं हैं , अलमारी की किसी दराज में पड़ी हुई टिक टिक कर रही हैं, हमारे समय का बोध कराते हुए। 


हमारी प्राथमिकताएं बदल गयी हैं, हमारी दुश्वारी से ज्यादा हमें स्वयम के एकाकीपन से डर सा लगने लगा है। 

लेकिन इस समय को लेके यह सोचना होगा कि क्या यह वक़्त हमसे कुछ कहना तो नहीं चाह रहा है। 

प्रकृति एक बड़े समय से हमसे कुछ माँग रही थी शायद ! जिसकी आवाज को हमने नहीं सुना। कहीं ऐसा तो नहीं कि वह हमसे छीन लेने को मजबूर हो गयी। 

पिछले साल आस्ट्रेलिया के जंगलों में लगी आग , कुछ साल पहले भारत के केदार नाथ में हुई त्रासदी और उससे  पहले के सालों में दुनिया के कई हिस्सों में हुई बड़ी घटनाओं और इस साल वैश्विक स्तर पर इस महामारी की मार हमसे कुछ कहना तो नहीं चाह रही है ? हमने उससे कुछ छीन तो नहीं लिया जो उसने अपने लिए रखा था? 

यह एक अलार्म तो नहीं, एक लाल झंडी तो नहीं ठहराव के लिए ? प्रकृति यह तो नहीं कहना चाह रही भागते हुए मनुष्य से कि रुक जा चिल्ल कर थोड़ा सा फिर चलना, यह यात्रा मैंने ही तो दिया है, तो रुक तो जा। 


हमने जब चाहा जो चाहा किया, हमने समझा ही नहीं, सोचा ही नहीं कि हम जो कंक्रीट के जंगल बना रहे ,इसका हमें कभी न कभी तो कीमत तो चुकाना होगा। हम चुका नहीं पाए प्रकृति ने हमसे वसूल लिया है। 

विभिन्न जगहों पर ,अलग अलग देशों की  पृष्ठभूमि अलग, भौगोलिक स्थितियाँ अलग , लोग अलग, लोक अलग , संस्कृति अलग थी, जिसे शायद प्रकृति ने अपने हिसाब से सँवारा था। 

लेकिन वाह रे इंसान भूमंडलीकरण / ग्लोबलाईजेशन के जिद में हमने सब रौंद डाला । हमने इंजन बनाये, उसमें ईंधन डाला और लाँघ दिया हजारों मील बस चंद घंटों में। उसी इंजन में एक मशीन लगाया और काट दिया लाखों पेड़ चंद घंटों में। क्योंकि हमें जंगलों को काटना था और इको पार्क बनाना था , पैसे पैदा करने वाले स्काई स्क्रेपर बनाना था । यही नहीं हम इतने पे कहाँ रुक जाते, हमने डायनामाइट लगाया और उड़ा दिया पहाडों को चंद धमाके से और प्रकृति पर अपनी जीत को उसी पहाड़ के सीने पर,हिल स्टेशन पर सात सितारा होटल में सेलिब्रेट कर डाला

कहीं यह उन्हीं सेलिबरेशन की वसूली तो नहीं। 


 हम ही ब्रह्म हैं के भरम में पड़े-पड़े हम भूल बैठे थे, कि कोई है जो सर्वोपरि है, कोई है, जो हमारे इस खेल पर नज़र रखा है। लेकिन नहीं हमें तो सुपर पावर बनना है।  जो उसने हमें दिया हमने उसी का प्रयोग कर के  बम के धमाके किये, न्युक्लियर खेल खेला यह साबित करने के लिए कि जब भी विध्वंस का खेल होगा तो हम ही ज्यादा भयानक और विध्वंसक होंगे और हमारा परचम लहरा उठेगा। 

हमने प्रकृति की सता को धता बताते हुए वो सारे खेल खेले जिससे हम उसको मुह चिढ़ा सकें ।  लेकिन जो हमारा निर्माता है विध्वंस का सर्वधिकार उसी के पास सुरक्षित है, आज का वक़्त कहीं यही तो बताने को नहीं आया है। 

कहीं यह एक संदेश तो नहीं, उस नहीं दिखने वाली शक्ति का कि ब्रह्म मैं हूँ, तुम नहीं ,इस लिए रुक जाओ, ठहर जाओ, रुकते हुए चलो नहीं तो अंजाम बुरा होगा।

हमारे बीच के युद्ध के तमाम मुद्दों जैसे कौन बड़ा, कौन छोटा , कौन अमीर , कौनगरीब, कौन उच्च कुल का, कौन निम्न कुल का, कौन किस जगह का ,कौन किस जमीन का, कौन किस भाषा वाला, कौन किस दल वाला, कौन किस धर्म वाला, कौन किस जाति वाला जैसी बातों से नाराज तो नहीं हो गया वह। 

या फिर वह हमारी मरती हुई संवेदनाओं को जगाना चाहता है, भूखे प्यासे को देख कर हमारी कम होते भावों को तो वह जिंदा नहीं करना चाहता है। 
मृत्यु को देख कर उसके प्रति  हमारे कम होते जिजीविषा और उद्दीपन को वह दुबारा मजबूत तो नहीं करना चाहता। 

या फिर भाग दौड़ की जिंदगी में वह हमें ऐसा समय देना चाहता है ,जब हम भाग दौड़ में  से निकल कर  मानवता के करीब आयें  ।  या वह भौतिक संसाधनों  को जुटाने में उसके उपभोग को भूल बैठने की बात याद दिलाना चाह रहा है। वह सम्बन्धों पर बैठ गयी काई को साफ कराना चाह रहा है। वह खत्म होते पारिवारिक मूल्यों, मानवीय मूल्यों को सहेजने , संवारने  और उन्हें पुनर्जीवित करने के साथ हमारे अंदर के मनुष्य को मजबूती देना चाहता है। वह बताना चाह रहा सामंजस्य नितांत आवश्यक है। 
 
पुन:
कृष्ण कहते हैं, जो हुआ अच्छा हुआ जो हो रहा है ,वह भी अच्छा हो रहा है, जो होगा वह भी अच्छा होगा। 

सर्वे भवंतु सुखिनः.... 

मंगलवार, 7 अप्रैल 2020

"असुर" वेबसीरी़ज समीक्षा

सबसे पहले इस वेबसीरी़ज को असुर नाम क्यूँ दिया गया है ?  यह समझना जरूरी है। मृत्यु सिर्फ असुरों के ही आनंद का विषय वस्तु हो सकता है, देवों के नहीं। 
व्यक्ति का मनोविज्ञान ही उसे देव या दानव रूप प्रदान करता है, वह कौन सा रास्ता अख्तियार करता है यह उसी पर निर्भर करता है। 
सामान्य रूप से भारतीय पौराणिक कथाओं पर जब कोई कहानी कही जाती है ,तो उसमें तंत्र- मंत्र साधना आदि से कहानी को दिशा दी जाती है। 
इससे विपरीत यह एक बालक के "असुर"  रूप में परिवर्तन आधुनिक तकनीकी और विज्ञान के प्रयोग पर आधारित है। एक तरफ वह तंत्र-मंत्र ,पुराण  के सहारे स्वयम के मनोविज्ञान को असुरी प्रवृत्ति की तरफ मजबूती प्रदान करता है ,दूसरी तरफ वह मौत के खेल को तकनीकी के सहारे अंजाम देता है। 

कहानी है सत्य और असत्य के युद्ध की, 
और इसे देखते हुए आप जाने उन कितने पलों को जियेंगे जो आपको सत्य और असत्य के इस युद्ध में कभी सत्य को हारते देखते हैं और कई बार उसे जीतते.. साथ ही दिमाग आपको क्या सही और क्या गलत में भी कन्फ्यूज करता है। 

मनुष्य का मनोविज्ञान और मनुष्य के मस्तिष्क की क्षमताओं के मजबूती और इसका विज्ञान के साथ ताल मेल कितना भयावह भी हो सकता है ,यह इस कहानी का मुख्य पक्ष है। 

कल्कि अवतार की सम्भावना एक बालक जिसका नाम शुभ है, के मानसिक  उद्वेलन को किस तरह से प्रभावित  करती है और वह उसे धर्म,विज्ञान  और आधुनिक तकनीकी के सहारे मृत्यु को एक माध्यम बना के ईश्वर को आमंत्रण देता है यह इस कहानी का मुख्य प्लॉट है। 

यूँ समझा जाए कि यह कहानी विज्ञान और धर्म के सकारात्मक और नकारात्मक दोनों पक्षों को उजागर करता है! समस्या जिस रास्ते से उत्पन्न की जाती है उसका समाधान भी उसी रास्ते से मिलता है! 
धनंजय राजपूत और शुभ के इस मनोवृति की लड़ाई की कहानी है यह जिसमें दोनों को लगता है कि दोनोँ ही सच के साथ हैं! 
साथ ही कहानी  निखिल, और धनंजय राजपूत की टीम आदि के सहारे आगे बढ़ती है। 
कहानी बनारस के घाटों और FBI और CBI के दफ्तरों से शुरू होती है, और समानांतर चलती है ।
घाटों के सौंदर्य , पूजा पाठ और तन्त्र मंत्र और Sci-Fi दफ्तरों के बीच और मौत और उसके बाद पोस्टमार्टम रूम के बीच की बात चीत, मौत के तरीकों का विश्लेषण, हैकिंग के साथ जेल के बंद दीवारों के बीच सब कुछ अलग चलते हुए कब आप कहानी का हिस्सा बन के सोचने लगते हैं आप को पता ही नहीं चलता।
 संस्पेंस  का घेरा आपके इर्द गिर्द ऐसे चलता है, जो कहानी के खत्म होने तक आप को कई सारे प्रश्न देकर जाता है! 
कई बार आप स्वयम भी मौत की गुत्थी सुलझाने में दिमाग चलाने लगते हैं। 

परत दर परत किरदारों और उनके चरित्रों पर से उठता परदा ही इस कहानी की मजबूती है । 
सभी कलाकारों का अभिनय उम्दा दर्जे का है! जिसको जितना काम मिला है उसने बेहतरीन किया है, 
सिनेमेटोग्राफी, साउंड बेहतरीन , कई जगह डार्क नेस जो कहानी की माँग है उस पर बढ़िया काम किया है! 

क्यूँ देखें :- कुछ बहुत नया देखना चाहते हों तो जरूर देखें ! 

क्यूँ नहीं देखें :-  अगर मनोविज्ञान और धर्म के पक्ष ,गुण और अवगुणों के बीच विभेद नहीं कर पाएं तो नहीं  देखें! 

पांच घण्टे देख कर आप यह पाएंगे, कुछ अलग देखा है। 

रविवार, 5 अप्रैल 2020

"पंचायत " वेबसीरी़ज समीक्षा





वेबसीरी़ज की श्रृंखलाओं में यूँ तो तमाम थ्रिलर और सस्पेंस की कहानियाँ कही जाती रही हैं, लेकिन इनसे अलग कई देशी कहानियाँ और आम आदमी की कहानी भी कही जाती रही है.. 
लेकिन इन सब से भी अलग,  जब गाँवों की कहानी कही जाती है ,तो उसमें वो सब कुछ होता है ,जो परत दर परत बदलते गाँवों के बीच भी अपने बदलाव को ठहराव देता सा नजर आने लगता है! 

कुछ इसी तरह की कहानी है "पंचायत " की। अभिषेक बचपन से शहर में पला- पढ़ा एक युवक, जो  किसी कारण वश शहर के किसी कार्पोरेट वातावरण में जगह नहीं बना पाया होता है ,लेकिन सरकारी नौकरी पा कर गाँव का पंचायत सचिव का पद पाने में सफल रहता है। 

यह कहानी उसी शहरी युवा पंचायत सचिव का है, जो नोएडा के कॉर्पोरेट के सपने को याद करते हुए गाँव के एक पंचायत भवन में रह कर जीता है, महत्वाकांक्षाओं वाला जिदी युवक CAT Entrance की तैयारी , गाँव की राजनीति, गाँव के अंध विश्वास, और मान्यताओं के साथ जो युद्ध लड़ता है यह कहानी उसी की दास्ताँ है। 
और इस युद्ध में अभिषेक का सारथी होता है पंचायत का सहायक विकास, कहानी के हर ठहराव को विकास कुछ आगे तक ले जाता है। और कहानी जोड़े रहती है! 
गाँव के काइयाँपन के साथ ही साथ यह गाँवों में दम तोड़ते अपनापन के बीच में  भी बचे हुए अपनापन के बचे होने की कहानी भी है। 

एक प्रधानपति बृज भूषण दुबे और उप प्रधान प्रहलाद पाण्डे का अभिषेक के साथ जुड़ाव, सचिव के दरोगा के साथ नोंक झोंक , अभिषेक के ऑफिस से मॉनिटर चोरी होना ऐसी तमाम घटनाएँ, अभिषेक के सफ़र को आगे बढ़ाती रहती है, शहर की गालियाँ गाँव में क्या खतरा और एडवेंचर पैदा करती हैं इसकी झलक भी मिलती है! 
अगर आप गाँव के हैं तो गाँव का एक किरदार परमेश्वर आपके आस -पास मिल जायेंगे, जो हर घी में उँगली टेढी कर के ही घी निकालने में विश्वास करते हैं!  साथ ही आप ढूँढ लेंगे अपने पास का लड़का विकास। 
 एक  कुर्सी, एक मॉनिटर, एक सोलर सिस्टम  , बीयर की बोतल और भुतहा पेड़ जैसी निर्जीव चीजों की कहानी है यह पंचायत! 

क्यों देखें? महसूस करने के लिए कि अगर आप शहरी हैं तो गाँव में आप को क्या एडवेंचर मिल जायेगा, और अगर आप गाँव वाले हैं तो आप अपने पास के किरदारों को स्क्रीन पर महसूस करने के लिए देख सकते हैं! 

तो अगर आप थोड़ा अलग देखना चाहते हैं, थोड़ा मिजाज को बोझिल होने से बचाना चाहते हों और फुल entertainment चाहते हैं तो जरूर देखें! 

सिनेमेटोग्राफी, साउंड इतना उम्दा कि आप गाँव के खेत, गाँव की शादी, गाँव के कोयल की आवाज, गेहूँ के खेत सब कुछ महसूस करेंगे.. 

गाँव बचा हुआ है कहीं इसकी वकालत करता है यह वेब सीरीज... 

कब आप 8 एपिसोड खत्म कर लेते हैं आप को एहसास  ही नहीं होता.. 
कहानी जानने के लिए देखना होगा "पंचायत"

Available on Amaon Prime

शनिवार, 21 दिसंबर 2019

फलसफा

कुछ धूल सी उठी है,
कुछ रेत सा फिसला है,
कुछ गुम सा हुआ है ,
कैसा ये सिलसिला है !
खुद से मिलना होता है रोज,
खुद के रूह से फासला है ,
बकायदा बेखौफ सन्नाटे में,
एक फलसफा सा मिला है।

मै क्युँ दूँ साथ ?

मै क्युँ दूँ साथ
मुसलमानों का,
क्युँ वो बवाल काट रहे हैं ?
और फिर मै उनका भी साथ क्युँ दूँ ,
जो कल दलित,पीडित ,
व्यथित के नाम पर बवाल काट रहे थे,
नीरो अगर बाँसुरी बजाये तो,
तो मै आनन्द क्युँ ना लूँगा,
और हाँ उनका भी साथ क्युँ दूँ,
जो पिछ्ले दिनों पानीपत को ,
कुरुक्षेत्र बना चुके थे,
चिला रही थी औरतें,
बचाओ बचाओ,
वहीं जहाँ से शुरु हुआ था ,
बेटी बचाओ वाला अभियान ,
मै उनका भी साथ क्युँ दूँ,
जो कल एक पार्टी का झण्डा लेकर घूम रहे थे ,
और आज दुसरी पार्टी का,
और उनका भी साथ क्युँ दूँ ,
जिसने पण्डित बड़ा,
या बनिया ,
या फिर यादव या फिर राजपूत,
या फिर शूद्र ,
इस लड़ाई में हजारों बार आग लगायी,
और फिर वो जो ,
आरक्षण के नाम पर जो बवाल कटा ,
वो भुल कैसे जायें,
और उनका भी साथ क्युँ दें,
इसलिये हस्तिनापुर को,
जलने दे रहा हुँ मै,
जब युधिष्ठिर ने खुद लगाया है दांव तो
रक्तरंजित धरती खुद कह देगी ,
किसकी हुई जीत,
और फिर आ ही जायेंगी खुशियाँ लौट के ,
शान्ति की मौत जितनी भयावह होती है,
उससे ज्यादा
सन्नाटेवाली होती है,
मौत के बाद की शान्ति।
इसलिये हम क्युँ ना सुनें ,
नीरो की बजायी हुई तान
और क्युँ दे किसी का साथ ,
क्या इसलिये कि ,
कायम रहे कुरुक्षेत्र।
तुच्छ सा व्यक्ति हुँ ,
निमित मात्र हुँ,
राग द्वेष से मुक्त।
और नीरो की बंसी अब तेज बज रही है।
और मै अपने कान बंद कर लेना चाहता हुँ।

शुक्रवार, 22 फ़रवरी 2013

दाग !

जिन्दगी नही रुकेगी,
धमाके से !
चीखों से !
हृदय नही पसीजता ,
हुक्मरानों का !


गम, आंसू,दुःख  ,
सिक्कों के नही होते,
नोटों की सेज पर ,
जमीरों  के ख्वाब ,
नही आते !


और कायर ,
कभी नही बदला लेते ,
दोषियों से ,
सजा देते हैं ,
मूक बधिरों को ,
या फिर असहायों को,

बम नही रखे जाते ,
बड़े बंगलों में ,
या गोवा के किसी होटल में ,
या फिर ,
किसी चार्टड  विमान तक,
हिम्मत नही होती किसी की !

और प्रेस कांफ्रेस,
सुनने के लिए नही होते ,
कहने के लिए होते हैं ,
कि  गलती हमारी नही ,
गलती जिसकी है ,
उसको हम नही जानते ,
हम नही जानते की,
कितने और कौन मरा  है ,

हमने देखा थोड़े है,
भीड़ बढ़ रही है,
 तो लोग मरेंगे ,
जमीरें  गिरवी रखेंगे
 तो लोग मरेंगे ही !

इस बार जरा देखना ,
गौर से ,
किसी चुनाव में ,
वोट मांगने आने वाले ,
उस आदमी को  ,
हाँ शायद ,
क्यूँकि  दो पैर हाथ होते हैं उसके ,
और वो कुरता -पजामा पहन सकता है ,

देखना जरा गौर से,
हाँ ये देखना की
किसी औरत से वोट मांगते,
उसकी आँखों में क्या है,
देखना किसी भूखे ,
गरीब, नंगे से ,
वोट मांगते
उसकी आँखों में क्या है ,
और कोई सवाल नही करना,
क्यूंकि सवालों के जवाब ,
मिलने का डर  होगा ,
जीतने के बाद ,

खैर बिना कुछ कहे ,
 ये जरुर देखना कि ,
क्या सफेद कुरते पे कोई दाग है !!
और खुद को बताना !!




गुरुवार, 21 फ़रवरी 2013

मौत के बाद का सन्नाटा :

अचानक से बम का धमाका होता है , और हजारों चीखों के साथ ही कुछ जाने चली जाती हैं ....और फिर शुरू हो जाता है सिलसिला कहने का , बोलने का , लिखने का ....अख़बारों के लिए रिपोर्ट मिल जाते हैं, और न्यूज़ रूम्स के लिए विडिओ फूटेज .....और उनका क्या जिनके घरों के चलचित्र हमेशा के लिए रुक गये ...हाँ दो लाख रूपये मिल गये या फिर पचास हजार या फिर किसी को नौकरी।। मानो  मरने वाले ने किसी फिल्म में काम किया हो और उसका मेहनताना दिया जा रहा हो ....या फिर किसी घर के चिराग को बुझने की कीमत हो दो-चार  लाख रूपये ..या किसी के सुहाग के उजड़ने की कीमत हो ...या फिर किसी बच्चे से उसकी माँ या माँ से बच्चे को छीन  लेने के बदले में उसे आंसू पोछने के लिए कुछ कागज के नोट थमाए जा रहे हों ......लेकिन कागज के टुकड़ों से आंसू नही पोछे जा सकते ..ये जाने क्यूँ नही समझ आता सिक्के के ढेर पर बैठे हुक्मरानों को ....क्या इन हुक्मरानों के  अपने घर का कोई मरता तो भी  उसकी कीमत इतनी हो होती ???  नही तब तो दो दो लाख के तो गुलदस्ते चढ़ जाते .....
   ...अचानक से आवाज होती है और चीख बन जाती है ...और ये चीख बम फटने की जगह से अदालत में चले  जाते हैं और सिसकते हुए ये दम  तोड़ देते हैं .....और मरने वाले के घर के लोग  न्याय की तलाश में रहते हैं ......उस गलती के लिए न्याय जो कि  उसने किया ही नही .......
और सफेदपोशों की पर्दादारी तो देखिये ...उन्हें तो ये पता भी होता है कि  बम फटने वाला है फिर भी वो इन्तजार करते हैं ,कि  जब फट जायेगा तब आयेंगे हम परदे  से बाहर ...ट्विट  करने ...या फिर प्रेस कांफ्रेंस करने ......क्यूंकि पिछली बार ये मौतें  और चीखें नही थी तो एक दुसरे को गाली  देकर इस राष्ट्रीय  मुद्दा बनाया गया था ...........और संविधान और कानून  की किताबें  ..वो तो सफेद चादरों में जाने कब की रखैल बन के रह गयी है !!...और फिर छा  जाता है सन्नाटा कुछ देर के लिए ....जो की टूटेगा फिर से या तो चीखों के बाद या फिर चुनावों के तेज शोर से !!

गुरुवार, 29 मार्च 2012

पथिक !

अप्रतिम
अभ्युत्थान से ऊपर,
मै बढ़ रहा हूँ आसमान से ऊपर,
स्वप्नद्रष्टा ही सही ,
पर समय के पथ पर ,
बढ़ तो रहा हूँ अरमान से ऊपर !
पथ रोकता है ,
फिर टोकता है ,
और पूछता है,
मेरे सफ़र का चरम क्या है ?
और फिर ,
और फिर जब देखता है ,
मुझे अनवरत बढ़ते हुए ,
तो हौसला देता है मुझे ,
और कहता है ,
ऐ पथिक तू चल ,
और चलता जा ,
क्युंकि मेहनतकश के लिए ,
सिर्फ मेहनत ही है ,
प्रार्थना और भगवान से बढ़कर !

शुक्रवार, 23 मार्च 2012

Copyright

All the articles published in this blog are copyrighted under act of copyright with Rajeev Kumar Pandey" Mahir ".  Publishing / presenting or using the articles for any purpose or in any form  without prior  permission of writer is a issue of legal action.

This blog comes under IT act 2000 , and.registered with the name of Rajeev Kumar Pandey " Mahir"

Feel free to contact at :- rkpindia1987@gmail.com

सरदार भगत सिंह के आत्मा की आवाज

शहीद दिवस पर शहीदों को समर्पित एक कविता ...
--------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------

एक दिन कलम ने आके चुपके से मुझसे ये राज खोला ,
कि रात को भगत सिंह ने सपने में आकर उससे बोला,

कहाँ गया वो मेरा इन्कलाब कहाँ गया वो बसंती चोला ?
कहाँ गया मेरा फेंका हुआ, मेरे बम का वो गोला ?

आत्मा ने भगत के आकर कहा , ये देख के हम बहुत शर्मिंदा हैं,
कि देश देखो आज जल रहा है,और जवान यहाँ अभी भी जिन्दा हैं ??

देख के वो रो पड़ा इस देश की अंधी जवानी ,
क्या हुआ इस देश को जहाँ खून बहा था जैसे हो पानी ,

खो गया लगता जवान आज जैसे शराब में ,
खो गया आदतों में उन्ही , जो आते हैं खराब में ,

कीमतें कितनी चुकाई थी हमने, ये तो सब ही जानते हैं
तो फिर इस देश को हम आज , क्यूँ नही अपना मानते हैं ?

देश के संसद पे आके वो फेंक के बम जाते हैं ,
और खुदगर्जी में हम सब उन्हें अपना मेहमां बनाते हैं ,

भूल गये हो क्या नारा तुम अब इन्कलाब का ???
जो पत्थरों के बदले में भी थमाते हो फुल तुम गुलाब का ?

मानने को मान लेता मानना गर होता उसे ,
जान लेता हमारे इरादे गर जानना होता उसे ,

आँखों में आंसू आ गया, देख के अब ये जमाना ,
लगता है आज बर्बाद अब , हमको अपना फांसी लगाना ,

ऐ जवां तुम जाग जाओ तुम्हे देश ये बचाना होगा ,
आज आजाद और भगत बन के तुम्हे ही आगे आना होगा

ऐ जवां तुम्हे नहीं खबर ,कि जब-जब चुप हम हो जाते हैं
देश के दुश्मन हमे तब-तब, नपुंसक कह- कह कर के बुलाते हैं,

उठो और लिख दो आज फिर से, कुछ और कहानियाँ ,
कह दो जिन्दा हैं अभी हम और सोयी हैं नही जवानियाँ,

गर लगी हो जवानी में, जंग, तो हमसे तुम ये बताओ ,
या खून में उबाल हो ना , तो भी बस हमसे सुनाओ,

एक बार फिर से हम इस मिटटी के लाल बन के आयंगे ,
एक बार इस देश को अपनों के ही गुलामी से हम बचायेंगे ,

नारा इन्कलाब का हम फिर से आज लगायेंगे ..
पर ये सवाल हम आप से फिर भी बार-बार दुहराएंगे,

कि आखिर कब तक ?? आखिर कब तक ?
इस देश के जवां कमजोर और बुझदिल कहलाते जायंगे.....
इसको बचाने खातिर कब, तक भगत सिंह और आजाद यहाँ पर आयंगे ???