बुधवार, 10 जून 2020

अहले शहर की बातें,

कुछ भी नहीं बुरी हैं,
इस अहले शहर की बातें,
यूँ शाम के तराने,
यूँ घनी रातों की बातें,
कुछ लोग हैं जो बाकी,
अपने से इस शहर में,
अपने से थे वो खूब ,
क्यूँ अब होने लगे बेगाने ,
यूँ शाम ढल सी जाएगी,
यूँ सफर गुजर जाएगा,
एक बार सुबह जो हुई तो,
फिर सूरज निकल जायेगा ..

मंगलवार, 9 जून 2020

किरदार

कुछ इस क़दर मिरा भी किरदार यूँ रहा,
जम्हूरियत भी मेरी ,गुनाहगार भी मैं रहा,
यूँ हाथों में खूं से सना खंजर भी नहीं था,
जाने क्यूँ फिर यूँ तलबगार भी मैं रहा !
खबरनवीसों ने छापी कहानी सियासत की,
हर हर्फ़ मैं ही था ,अख़बार भी मैं रहा !
यूँ खूब बचाया हमने इस कूच-ए-दरिया में,
उस बार भी मैं ही था और इस बार भी मैं रहा !

अंदर का आदमी

बचपन की बातें अब भी याद हैं,
एक कोने में पड़ी पुरानी किताब है,
आदमी बनना था बड़ा एक दिन,
आदमी ही आदमी अब ना रहा,
बालपोथी के ककहरे ,
अब नहीं मुझे याद है,
आज उन्हीं अलमारियों में,
खोजता हूँ स्वप्न अपने,
फिर से वो जुनून खुद में,
देखने की कोशिश में हूँ,
दीमकों के खाये हुए पन्नों में ,
बचपन ढूंढता हूँ,
आदमी बनने से अब ,
डरने लगा हूँ जाने क्यों,
छोटा रहना मुझे अब ,
जाने कब से आ गया है,
या मेरे अंदर का आदमी,
उस बड़े आदमी को खा गया है !

सोमवार, 8 जून 2020

जब दिशाएँ मौन हों

जब दिशाएँ मौन हों ,
सब पूछें तुम कौन हो ,
चुप चाप तब ख़ुद के,
पाँवो का चीत्कार सुनो ,
हर क़दम आगे बढ़ाओ ,
जीत के करीब आके,
तब बताओ कौन हो ,
तुम सुनाओ कौन हो !
अनवरत चलो निरंतर ,
राहों पे तुम मौन हो !

रविवार, 7 जून 2020

तकलीफों की आह में,

तकलीफों की आह में,
शिकन की पनाह में ,
गुमनाम सा कभी ,
महसूस होता है,
ढूंढता हूँ कभी खुद को,
मुझ में,
या फिर मुझ को,
खुद में तलाशता हूँ !
बिखर रहा है कुछ,
समेट रहा सब कुछ,
लेकिन फिसल रहा है,
कुछ !
मानों रेत की मानिंद ,
भीड़ से डर लगता है,
सन्नाटा कौंधता है,
मानों मस्तिष्क ना हो,
कोई कथाकोविद हो,
कह रहा कुछ ,
और गढ़ रहा हो कुछ,
उलझनों की तारों में ,
तलाश कर रहा हो,
एक मंजिल इस नश्वर दुनिया से परे !



शनिवार, 6 जून 2020

इश्तेहार

बड़ा अच्छा सा लगता है,अक्सर घर में रहना,
कौन चाहता है यूँ हर रोज ही सफ़र में रहना !
शिकायत किस से करें जो खुद है जिम्मेदारी अपनी,
कल से डरना, कल की सोच आज भी डर में रहना 


------------------------------------------------------

वो था मेरा रकीब, जो सबसे करीब था,
अमीर समझा सबने,जब सबसे गरीब था !

------------------------------------------------


वो खबर बनते-बनते समाचार में छप गये,
हर गली हर मुहल्ले में हर बाज़ार में छप गये,
क्या खूब रहा आलम ,चौराहे के कतिलोँ का भी,
जिसे अखबार में छपना था वो इश्तेहार में छप गये !!


---------------------------------------

शोर कहीं पर कुछ ज्यादा ही हुआ है,
कुछ लोग आजकल बहुत खामोश रहते हैं!


---------------------------------------------------

शुक्रवार, 5 जून 2020

जिन्दगी

जिन्दगी एक फिल्म की तरह से है,फुल एक्शन ,फुल ड्रामा !
कभी समझ नहीं आता कि हीरो कौन और विलेन कौन! कभी विलेन ही हीरो लगने लगता है कभी हीरो ही विलेन! हर समय अगले सीन में क्या होगा इसका अन्दाजा कई बार लगता है ,कई बार नहीं !
कोई बीन बजा रहा कोई पियानो! लेकिन फिल्म चल रही है, क्युंकि डायरेक्टर ने क्या लिखा है बस उसे पता है, बस ऐक्टिंग चल रही है!
आलम ये कि दर्शक को पता है कि दुश्मन कौन है, दर्शक को पता है कौन हमशक्ल होकर भी विलेन है, हीरो को नहीं पता! हीरो को तो पता ही नहीं चलता जब तक फिल्म खत्म न हो जाये!
फिल्मों का रोमांस और रोमांच वास्तविक जीवन में उतारते उतारते कब इंटरवल हो जाता है पता ही नहीं चलता!
फिल्म चलती है ,हीरो कई दौर से गुजरता है, लेकिन हीरो बस जी जान लगा के फिल्म को बेहतर क्लाइमेक्स देना चाहता है! हीरो अपनी कोशिश में है,विलेन अपनी जिद में हैं!
हिट या सुपर हिट ये तो फिल्म के खत्म होने पर पता चलेगा!
फिल्म खत्म होगी,परदा गिरेगा, तालियाँ बजेंगी, लोग हँसेंगे ,तालियाँ बजेंगी ! हीरो ,हीरो रहेगा , खुद नायक बनाये रखने की जिद में खलनायकों से युद्ध जारी रखेगा!
लाइफ पॉपकॉर्न और कोक के सामने से गुजरती है , फिल्म बदलती रहती है

गुरुवार, 4 जून 2020

हर तरफ बवाल है

हर तरफ बवाल है ,
कि देश का सवाल है,
एक भेड़ चाल है ,
कि देश का सवाल है,
मर रहा जवान लेकिन ,
है नहीँ शहीद वो,
मौत पर बवाल है ,
कि देश का सवाल है,
राम -राम ना रहे ,
जय श्री राम हो गये,
मन्दिर मस्जिद अब
चुनावी इन्तजाम हो गये,
भूख -भुख ना रहा ,
सबको रोजगार मिल गया,
चेहरा हँसी से खिल गया ,
अब सब चौकीदार हो गये,

बुधवार, 3 जून 2020

आदमी को पुजोगे

आदमी की फितरत कुछ इस कदर हो गयी है आज ,
आदमी को पुजोगे ,वो देवता हो जायेगा।
--------------------------------
कुछ लोग मरते हैं तो मर जाने दो,
सियासत यूँ ही कहाँ रंग लाती है?
--------------------------------------
एक दरिया है यहाँ पर, दूर तक फैला हुआ !
आज अपने बाज़ुओं को देख पतवारें न देख !!
--------------------------------------


क्या खुब रहा यूँ तो सफ़र भी अपना,
सिफ़र से शुरु होकर सिफ़र तक चला है!









सोमवार, 1 जून 2020

सफर

हेल्लो ऐ, हेल्लो हेलो...एसी मे नहीं मिला तो सलीपरे में चढ गये,तनिको भीडे नही नु है,आ कवन दु चार घनटा के ही बात है जी, चल ही आयेंगे, ना त फलाइटे से चल आते,लेकिन का जिआन करे के है पईसा। इहें टीटी को दे देंगे दु चार सौ तो बनाइये न देगा एगो सीट का जोगाड़। ये सज्जन दिख रहे भारत के जागरुक व्यक्ति हैं जो भारतीय व्यापार की दशा दिशा से वाकिफ लगते हैं।
कुछ यूँ ही जद्दोजहद चल रही है कि सामने एक और आत्मा हैं उनका मानना है कि वह वास्तु के परकाण्ड जानकार हैं , वो भी पीछे क्युं रहते "अरे का बतायें जी काल्हे गये थे बम्बे एगो चेला का घर का बासतु देखे , का घर बनाया है पाठा, साला बहुत सेवा किया हमरा। हमरा आज ना आना होता तो जरुरे फ्लाइटे से आते। "
और कुछ इस तरह स्लीपर का इन्सान फलाईट में भागना चाहता है। लेकिन ट्रेन अब धीरे -धीरे जमीन पर बढ़ती हुई लखनऊ से बाराबंकी पहुँच गयी है।
एक युवक फोन अपने मुँह पर ( कान पर नहीं) लगा के बोलता है , ए पप्पा सुन हो इडमिसन त हो गईल अब नेक्स्ट सनडे के केम्पस आवे के बा, ओरीनटेसन बा।
जरुर पापा अपने बेटे के इस तरह बबुआ से सन(SON) होने पर सीना चौडा कर लिये होंगे और सुबह स्टेशन पर बजाज प्लेटिना के साथ ट्रेन से उतार कर जुड़ा जायेंगे।
सफर है ऐसे ही चलता है, ख्वाबों के साथ , मंजिल की तलाश में।