शुक्रवार, 22 मई 2020

सच की चाशनी

झूठ बोलें अगर मजबुरी है, या फिर जरुरी है ,
पर सच की चाशनी में डूबाना क्या जरुरी है



-----------------------------------------------------------

कुछ बोलते नहीं हो खामोश रहते हो,
साहब देश में आप की ही सरकार तो नहीं ?


--------------------------------------------------

शनिवार, 16 मई 2020

पाताल लोक ( Paatal Lok)

पाताल लोक, Web Series

अपराध हमारे चारों ओर है ,और पाताल लोक भी हमारे इर्द गिर्द ही कहीं l और इस वजह से इसे षड्यंत्रों और अपराध की गाथा कहें तो कोई अतिश्योक्ति नहीं है l

अपराध की गाथा बिना गाली के लिखी तो जा सकती है ,लेकिन उसे कहने के लिए ये गाली नितांत आवश्यक होती है, और परदे पर उसे दिखाने के लिए  यह लाजिमी हो जाता है l

प्रॉशित रॉय और अविनाश अरुण धावरे  ने सुदीप शर्मा लिखित अपराध की गाथा को कितने संजीदा तरीके से कहलवाया है ,कि आप अपराध के तिल्सम में डूब जाते हैं l

एक अपराधी के प्रति आप न्यूट्रल महसूस कैसे करने लगते हैं आपको पता ही नहीं चलता l

बात करते हैं कहानी की..
दिल्ली की ऐसी तस्वीर जिनसे हर कोई रोज रुबरु होता है ,लेकिन वह उस पर ध्यान देने से बचना चाहता है.. या फिर ध्यान नहीं देना चाहता.. आप रोज ऐसे बचपन को देखते हैं ,जो आगे जाके चिन्नी बन जाने का रास्ता अख्तियार करते हैं l 

कॉर्पोरेट अपराध या अपराध का कॉर्पोरेट कैसे और कितना फैला हुआ है ,इसे महसूस करते हुए आप कुछ अजीब सा  महसूस करते हैं, एक क्राइम को कैसे किसी और रंग में बदला जाता है, इसे आप देख लेते हैं l

इसे हाथी राम चौधरी की कहानी कहें या संजीव मेहरा की या फिर विशाल त्यागी की यह जवाब तो आप देख कर महसूस कर पाएंगे l

अपराध की दुनिया में हर एक अपराधी का एक अतीत होता है l वह हैवान में बदलने से पहले उसी अतीत का हिस्सा होता है, या फिर शौक से उसे चुनता है..l  लेकिन हर अपराधी का एक ऐसा कोना होता है , जिस कोने में वह अपराधी नहीं होता, चाहे वह चिन्नी हो, तोप सिंह हो,  हथौड़ा त्यागी हो या फिर चन्दा हो l 

यूँ कहें कि सिस्टम से अपराध है ,या फिर अपराध से सिस्टम या फिर दोनों एक दूसरे के सहारे चलते हैं, इसको समझाने की कहानी है पाताल लोक l 

एक तरफ हाथी राम चौधरी है ,जो इस पाताल लोक में वराह बन कर कूद पड़ता है, और पाताल लोक की गहराई में उतरता जाता है, और इस महाजाल के परतों को उधेड़ते हुए एक तरफ खुद के वजूद से लड़ता है तो एक तरफ अपनी पारिवारिक समस्याओं से l
उसके आंतरिक द्वन्द और कर्तव्य निष्ठता को उसके एक डायलाग से समझा जा सकता है, जब चित्रकूट में वह कहता है 
"  सर आधी जिंदगी बाप की आँखो में देखा है कि उसका बेटा चुतिया है, बाकी की जिंदगी में बेटे की आँखों में नहीं देखना चाहता कि उसका बाप चुतिया है ! " 

हाथी राम के इस धर्म युद्ध में उसकी पत्नी  और उसके बेटे का होना हाथी राम के दूसरे पक्ष को दिखाता है जिसमे एक तरफ उसका बेटा भी अपराध की दुनिया का हिस्सा बनते-बनते बचता है l गुल पनाग ने पत्नी के किरदार को बहुत बेहतरीन तरीके से निभाया है.. 

जयदीप अहलावत हाथी राम का किरदार निभाते हुए आपको यह एहसास कराता है कि आप हाथी राम को देख रहे जयदीप को नहीं l 


दूसरी तरफ संजीव मेहरा प्रतिनिधि है, तथाकथित स्वर्गलोक का l जो सिस्टम के खेल और खिलाडी वाले पैटर्न में अपनी महत्वाकांक्षा को ज्यादा अहमियत देता है l  संजीव मेहरा के रूप में तथाकथित बड़े लोगों का छोटापन और न्यूज़ रूम के बड़प्पन को तार -तार करते हुए सिस्टम के खेल को दिखाया गया है l संजीव मेहरा के हमेशा ऊपर रहने की ख्वाहिश का शिकार होती है उसकी पत्नी डॉली l 
डॉली का किरदार निभाते हुए स्वस्तिका के शांत अभिनय को आप साथ लेके चलते हैं, और संजीव का स्वस्तिका के प्रति उदासीनता और संवेदन शीलता का शून्य होना, स्क्रीन पर डॉली के प्रति आपकी संवेदनशीलता को मजबूत करते जाता है l  इस तरह के रोल हमेशा ही चैलजिंग  रहते हैं, और इस वजह से स्वस्तिका मुखर्जी को पुरे नम्बर मिलने चाहिए.. 

यहाँ संजीव मेहरा के रूप में नीरज कबी ने भी बाजी मारी है, संजीव मेहरा की ऐंठन  ही नीरज के अभिनय की सफलता है l

अब जब गाथा अपराध की हो तो  बात हथौड़ा त्यागी की भी जरूरी है,  हथौड़ा त्यागी और विशाल त्यागी में कौन बड़ा है यह जानने के लिए आपको  परिवर्तन के दौर से गुजरना होगा.. 

विशाल त्यागी के रूप में अभिषेक बनर्जी को देखते हुए आप कई बार महसूस करते हैं कि आप किसी रंग मंच के सामने दर्शक दीर्घा में हैं ,जहाँ मंच पर एक अभिनेता खड़ा है बिना कुछ कहे l लेकिन उस पर पड़ती लाइटों के बदलने पर भी  वह खुद को संभाले रहता है  l और अंत में आप को उस खलनायक बने नायक से प्रेम हो  उठता है और अंत में वह दर्शकों का स्टैंडिंग ओवेशन  लूट लेता है .. एक बेहतरीन खलनायक को और क्या चाहिए.. 

सस्पेंस की कहानी कहें तो कुल मिलाकर कहानी ऐसी कि एक मिनट नजर हटी तो आप पटरी से उतर जायेंगे

अपराध के इस महाजाल में चित्रकूट का क्या कनेक्शन है?  दिल्ली की कहानी में चित्रकूट और पंजाब क्यूँ? धर्म क्यूँ? 
 दुनलिया और गवाला गुर्जर कौन हैं? मास्टर जी कौन हैं?  अनूप जलोटा को वाजपेयी वाला रोल क्यूँ है ? 

यह जानने के लिए आपको देखना होगा "पाताल लोक " 



डार्विन की मौत


लोग बदलते हुए, 
आदमी हो गए, 
कीड़े से शुरू हुई थी, 
जिंदगी शायद, 

जो बच गया वो बच गया, 
आने वालों के लिए, 

साथ जो लाया था, 
उसे छोड़ दिया ,
आने वालों के लिए, 

आज फिर बदल रहे हैं, 
आदमी से कीड़े हो गए हैं, 

सामाजिक प्राणी है इंसान, 
ऐसा भी लिखा था कहीं, 
नागरिक शास्त्र की ,
किसी किताब में उसी समय 
जब विज्ञान की किताब में, 
डार्विन को पढ़ रहे थे , 

आज इंसान
सामाजिक जानवर हो गया है, 
शायद! 

बदलाव को देख कर, 
आज डार्विन, 
फ़ांसी लगा लेता, 
विकासवाद को इतना भय में देख कर! 

डार्विन की मौत पर, 
गूंज जाती तालियाँ! 

डार्विन बच जायेगा , 
अगर कह देगा, 
कि इंसान और कीड़े में कोई फर्क नहीं, 
फिर नहीं होगी मौत उसकी, 

वरना निश्चित है, 
डार्विन की मौत! 

गुरुवार, 14 मई 2020

लड़ाई

लड़ते दोनों हैं, 
वो बिस्किट के लिए, 
आप सत्ता के लिए, 

लड़ते दोनों हैं, 
आप देश चलाने ले लिए , 
वह, 
देश में जीने के लिए, 

याद होगा आपको, 
चुनाव में आप, 
उसके घर जाके, 
खाते थे, 
तब आप भूखे होते थे, 
उसके वोट के लिए.. 

आज लौटा दीजिये, 
उसको, 
जो आपने चुनाव में उसके घर खाया था, 
उसका हिसाब कर दीजिये, 
आज वो भूखा है, 
पेट का.. 

कल आप मोहताज होकर उसकी तरफ देख रहे थे, 
आज वह ताक रहा है, 
आपकी तरफ, 
उसे अपना हिसाब बराबर करना है, 
और आपको उसके नमक का हिसाब, 

उसे उम्मीद है, 
आप अभी भी नमक हलाल जरूर होंगे .. 

©"माहिर"

बुधवार, 13 मई 2020

मैं रोटी हूँ.. !



मैं रोटी हूँ.. 
जी सही सुना आपने, एक रोटी l वही रोटी जो कभी एक पुरानी फिल्म में कपड़ा और मकान के साथ आकर उसे एक ब्लॉक बस्टर बना दिया था.. लेकिन मै सिर्फ आटे से नहीं बना हूँ, मैं बना हूँ, किसान के पसीने से उसकी उम्मीद से, उसके जज्बात से खेतों में लहललाते उसकी उम्मीद से भी.. 

यही नहीं मै वही रोटी हूँ, जो अपनी यात्रा तय कर के किसी फाइव स्टार होटल में एक सौ बीस रुपये में बिक जाता हूँ, बिल्कुल वैसे ही जैसे आज कुछ लोगों का ईमान बिक रहा है.. 

और मै वह रोटी भी हूँ, जो अपनी यात्रा के ग्लैमर से वंचित रह कर किसी सड़क किनारे रहने वाले किसी इंसान की थाली में नमक और कभी -कभी प्याज के साथ खत्म हो जाता हूँ.. 

मेरी यात्रा यूँ तो पीसने और जलने से ही शुरू होती है, लेकिन मुझे तब ज्यादा दुख होता है ,जब मेरे इस जलन के बाद मै किसी शादी बारात के कुड़े के ढेर में बिना किसी के भूख मिटाये अपनी यात्रा समाप्त कर देता हूँ. तब खुद को लज्जित और ग्लानि में महसूस करता हूँ.. 


लेकिन जानते हैं, सबसे ज्यादा मैं कब टूट जाता हूँ, तब ,जब कुड़े के ढेर से मुझे कोई उठा कर धोकर और निवाला बनाता है, दस बीस दिन के भूखे इंसान का निवाला बन के अपने रोटी होने पर मैं खुद रो पड़ता हूँ, तब मैं शर्म करने लगता हूँ कि मैं कैसे देश में, किस परिवेश में आ गया हूँ..और तब मैं जाने क्यूँ महान लोगों के देश में स्वयम के होने पर ही हीन महसूस करने लगता हूँ.. 


यूँ तो अपने द्वारा बिना भूख मिटाये जाने पर मैं हमेशा ही रोष में रहता हूँ लेकिन पिछले दिनों मैं सबसे ज्यादा दुःखी हुआ था, जब मैं ट्रेन की पटरियों पर पड़ा हुआ था l यह मेरे लिए एक दम नया अनुभव था l अभी तक मैं सड़क के किनारे, होटल के डस्टबिन , कुड़े के पॉलीथीन में फेंका जाकर भी उतना दुःखी न हुआ जितना कि मैं ट्रेन की पटरियों पर पड़ा हुआ था..
 यही नहीं मुझ पर कुछ खून के धब्बे थे.. 

मैं काफी देर तक यह समझ ही नहीं पाया कि मुझ पर यह खून के धब्बे किस चीज के थे... लोकतंत्र की हत्या के, इंसानियत की हत्या के, राजा -रंक के बीच के अंतर की हत्या के, धार्मिक उन्माद की हत्या के, विशेष और अवशेष की हत्या के. या मजदूर और मजबूर के बीच के अंतर की हत्या केके..या फैक्ट्री मालिक के मालिक होने के दम्भ की हत्या के. ? 

अभी मैं इन प्रश्नों से विचलित ही था ,तब तक अचानक से सुबह हो गयी, अचानक से मुझ पर कैमरे की फ्लैश चमकने लगी, और मुझ नाचीज पटरी पर बिखरे रोटी की किस्मत पलट गयी, मैं अब लोकतंत्र का हिस्सा बन जाने वाला था, मेरी तस्वीर पर अब डिबेट होने वाला था, चार- चार पांच -पाँच लोग अब मेरे साथ- साथ  मेरे बिखराव पर भी बहस करने वाले थे.. मेरे साथ चले और तवे से लेकर मेरी पटरी तक की इस यात्रा तक मेरे साथ रहे सहयात्रियों पर भी बहस हो रही थी.. 

लेकिन यह क्या, कुछ ही देर में बड़े बड़े लोग आ गए, कोई मंत्री कोई अभिनेता सब, वो मेरे सह यात्रियों  के शवों को देख कर बहुत दुःखी थे.. किसी की नजर में मेरे साथ मेरी इस यात्रा वाले बेवकुफ थे जिनको यह नहीं नहीं पता था कि उन्हे कहाँ सोना बैठना चाहिए.. तो किसी की नजर में वे देश के निर्माता थे, किसी की नजर में वे योद्धा थे जिन्होंने अपनी जिजीविषा को आगे रखा, तो किसी की नज़र में वे कायर थे जो लड़ नहीं पाए और मुझे साथ लेकर उस तरफ चल दिये जहाँ से वह मेरे लिए ही बड़े शहर की तरफ निकल आये थे और आज वापस वहीं जा रहे थे.. 


मुझे नहीं पता था कि मेरे साथ मुझे ढोकर लाने वाले लोगों की लाश को लोग साथ लेकर जाने वाले थे... अचानक से मैंने देखा कि उनको उठा कर लेकर जाने लगे लोग, उन्हीं पटरियों पर उनके लिए  एक ट्रेन लगाई गयी..  उन्हें उस पर रखा गया.. अब मैं खुश था कि पैदल चलने वालों की यात्रा अब ट्रेन से होगी... मैं भी थक गया था पटरियों पर चलते- चलते ... मुझे भी उम्मीद थी कि अब मुझे भी कोई उठायेगा लाद देगा मेरे सह यात्रियों के साथ... मैं अंत समय तक उनके साथ चलना चाहता था... 

लेकिन यह क्या कोई ध्यान ही न दिया.. मैं वहीं पड़ा था उन्हीं पटरियों पर.. भीड़ कम हो रही थी..मैं डर रहा था.. अपने अकेले हो जाने पर... मुझे दुःख हो रहा था गरीब की रोटी होने पर.... मुझे अफसोस हो रहा था अपनी किस्मत पर...लेकिन मैं रो रहा था उन सह यात्रियों के साथ छोड़ जाने पर और अफसोस हो रहा था... कि मैं उनके काम नहीं आ पाया और बिखर गया... 


मैं अब भी वहीं पड़ा हूँ,  उन पटरियों में..मैं खत्म हो जाऊँगा सूख कर..  काश कोई मेरी नीलामी ही करा देता... कोई तो खून से सने मुझ रोटी की वाजिब कीमत लगाता... 
मैं नहीं जानता अपना भविष्य.. लेकिन मैं अब जिंदा रहूँगा... फेसबुक, ट्विटर पर और अब मैं भूख का नहीं चुनाव का मुद्दा हूँ... 

मैं रोटी हूँ... जलना मेरी किस्मत है... मैं जिसे नहीं हासिल उसका ख्वाब हूँ... मैं सवाल हूँ.. और मैं ही हर सवाल का जवाब हूँ... 

बस यही कहूँगा जाते जाते... मुझे खून के धब्बे से डर लगता है अब..... 






शुक्रवार, 8 मई 2020

लोकतंत्र के तांत्रिक या पांचवे स्तम्भ?


माफ़ करियेगा और नहीं कर पाइयेगा तो इसे मेरा फ्रस्ट्रेशन या विक्षिप्तता समझ लीजियेगा, मुझे ठीक वैसे ही फर्क पड़ेगा जैसे चुनाव के बाद वोटर को देख कर  जीत जाने वाले नेताओं को पड़ता है.. 

अब सवाल ये कि गोया ये  लोकतांत्रिक तांत्रिक या पांचवे स्तम्भ का मतलब क्या है? ये कौन लोग हैं ? 

बल्कि मेरा तात्पर्य उनसे है ,जो अति चालाक, बहु डिग्री धारी ,अति ज्ञानी, महा मानव सिद्ध करने की कोशिश में अपनी शिक्षा के ज्ञान को अपने अति महत्वाकांक्षा के नीचे दबा चुके हैं, मानो हाथी ने चीँटी का पाँव कुचल दिया हो l

खैर ऐसे तमाम  उच्च ज्ञानी व्यक्तियों से बात करने पर आपको लोकतंत्र की नयी परिभाषा मिलती है, जिसमें लोकतंत्र व्यक्तियों का नहीं विचारों के थोपने की एक पद्धति के रूप में दिखाई देने लगता है l

ऐसे लोगों से थोड़ा भी तार्किक होने की कोशिश करने पर इनके अभिमान पर इतना चोट होता है कि ये सामने वाले के स्वाभिमान का मर्दन करने में कोई कसर नहीं छोड़ते l

लोकतंत्र की नयी परिभाषा के संदर्भ में इन्होंने ऐसा तन्त्र गढ़ दिया है ,जो थोपतंत्र के रूप में बदल चुका है, यह जब तक अपना ज्ञान आप पर थोप कर ताली नहीं बजवा लेंगे तब तक यह थोपते रहेंगे l

इनसे जैसे ही आप आम की बात करेंगे यह इमली के  गुणों का बखान शुरू कर देंगे, फिर आप जब इमली के बारे में बात करेंगे तब तक ये सेब संतरे तक पहुँच जायेंगे, समस्या यहाँ तक भी होती तो चलो अच्छा है, स्थिति तब ज्यादा खराब हो जाती है जब ये आम में से इमली का स्वाद आता है, न साबित करा लें और आप से उस प्रमाण पत्र पर आपके बिना मन के हस्ताक्षर न करा लें l

और उससे भी बड़ी समस्या यह कि इनसे दूरी भी नहीं बनाई जा सकती, आप कोशिश करेंगे, तब तक  इन्हे खबर हो जाती है ,कि आप इन्हें  इग्नोर कर रहे हैं , तो येन केन प्रकारेण यह आप से फिर से चिपक जायेंगे...इन्हें दुश्मन बनाना अच्छा नहीं लगता और मित्र ये स्वयम के भी नहीं होते l

लोकतंत्र की परिभाषा इनके लिए रायता फैलाने से ज्यादा कुछ नहीं,  इनके लिए समस्या यह नहीं कि समस्या क्या है, इनके लिए समस्या यह है कि आप समस्या को समस्या कहते क्यों है? 

भूखमरी,  बेरोजगारी , अपराध, भ्रष्टचार आदि इन्हें समस्या नज़र नहीं लगती , बल्कि इन्हें भी ये लोग लोकतंत्र का अनिवार्य अंग साबित कर के ही मानते हैं, इसके लिए जैसे ही आप इन समस्याओं पर बात करना शुरू करेंगे  कोसना ये आपको कोसना शुरू कर देंगे l

इन्हें सिस्टम की खराबी कभी खराबी नहीं लगती, इन कमियों पर बात करने वालों से इनको देश के भविष्य पर खतरा नजर आता है, ये विभिन्न दलों और विभिन्न रूपों में लगभग हर जगह पाए जाते हैं l

ये ठीक उस बीमा एजेंट की तरह होते हैं  जो किसी की मौत पर दुःख प्रकट करने की जगह मौत के फायदे गिनाने लगते हैं , और अपने विक्रेता शैली का प्रदर्शन करने से भी बाज नहीं आते I  और  ये तब तक ढीठ बने रहते हैं ,जब तक कि उन्हें कोई हिदायत ना मिल जाए l कई बार तो ये लाश को डिजरविंग कैंडिडेट तक साबित कर डालते हैं, और आप अपनी संवेदना को तार -तार होते देखते रह जाते हैं l

ज्ञान का ऐसा असीम संगम देख कर इन्हें लोकतंत्र के तांत्रिक कहना ज्यादा बढ़िया होगा, जो दावा तो हमेशा ही यह करता है कि उसी के पास लोकतंत्र की बीमारियों का ईलाज है l लेकिन  वास्तव में जब तक बीमारी असाध्य न हो जाए तब तक यह अपना दावा छोड़ते भी नहीं, और अगर एक बार  इनको ज्ञान हो जाए कि समस्या अब हाथ से बाहर है, तो इन तांत्रिकों से मिलना ठीक उतना ही असंभव है जितना लोकतंत्र में लोक का तंत्र से मिल पाना l

लोकतंत्र की समस्याओं से निजात पाने से कहीं ज्यादा जरूरी है, इन तांत्रिकों से निजात पाना l इनसे तार्किक होने से ज्यादा जरूरी है सतर्क होना l लोक तंत्र के इन पांचवे स्तम्भों से शायद इतना ज्यादा खतरा है जितना कि बाकी सारे तंत्रों से नहीं l 
सावधान रहें सुरक्षित रहें का नारा शायद इन्हीं तांत्रिकों के लिए बनाया गया है l

इति लोकतंत्र : 




गुरुवार, 7 मई 2020

कोरोना का डर और मदिरालय की पीठ पर सवार भारतीय अर्थव्यवस्था

नशे में कौन नहीं है यहाँ, बताएं जरा.... 
नशा शराब में होती तो नाचती बोतल.... 

बात शुरू करते हैं कि शराब क्यूँ जरूरी है, लेकिन इससे पहले सभी मदिरयोद्धा , मधु शुर आदि लोगों  के  चरणों में सादर प्रणाम, साथ ही यह अफ़सोस कि हम जैसे तमाम तुच्छ लोगों ने उन्हें बेवड़ा कहा, दारूबाज कहा, पियक्कड, नशेड़ी कहा जिनकी अहमियत सिर्फ हमारे अर्थ शास्त्री और सम्मानित नेता गण ही समझ पाए.. 

और मैं सम्पूर्ण भारत की तरफ से उन ठेके पर युद्धरत योद्धाओं  के चरणों में नमन करता हूँ और सैल्यूट करता हूँ.

साथ ही मै यह चाहता हूँ कि सभी शराब योद्धाओं  को आधार कार्ड के तरह का ही एक कार्ड बनाया जाए और उन सभी को  यह कार्ड लॉकडाउन के दौरान ही हर ठेके के पास किसी बड़े अफसर के द्वारा दिया जाए और साथ ही इस कोरोना युद्ध में इस अभुतपूर्व योगदान के लिए  उन्हें पर्शस्ति पत्र भी दिया जाए.

यही नहीं इस युद्ध में जिस हिसाब से जो जितना बड़ा योगदान दे उसे उतना बड़ा सम्मान दिया जाए. जिसका चुनाव ठेके के पर्चियों और नाले में पड़ने की आवृत्ति और गाली की मात्रा के आधार पर किया जाए.
और उन्हें कुछ चक्र भी प्रदान किया जाए मसलन शराबवीर चक्र, महाशराब वीरचक्र, दारू चक्र आदि.. 

साथ ही इनके लिए हर क्षेत्र के नौकरियों में उचित आरक्षण दिया जाए और यह सिर्फ उन्हीं के लिए लागू हो जो इस लॉकडाउन के दौरान  वीरता दिखाएँ.. 

साथ ही अतिग्रहण / अति मदिरापान की अवस्था या किसी अन्य दुर्घटना में वीरगति को प्राप्त करने पर उन्हें 210 तोपों की सलामी दी जाए और उन्हें शहीद का दर्जा दिया जाए.

इसके साथ- साथ हर ठेके वाले चौराहे पर उनकी बड़ी मूर्ति लगाई जाए और उस चौराहे का नाम उसी योद्धा के नाम पर रखा जाए.. और फिर उनके परिजनों के नाम आजीवन दारू पीने के लिए एक निश्चित रकम हर माह उन्हें दिया जाए जो सिर्फ ठेके पर मान्य हो और उसके आवंटन हेतु एक अलग कोष बने जिसकी देख रेख कुछ खास मंत्रियों को ही दिया जाए.. खास मतलब खास.. 

भारतीय अर्थव्यवस्था में इतने क्रांतिकारी परिवर्तन को देखते हुए कई देशों ने यूँ तो अपने यहाँ इस पर शोध करना शुरू कर दिया होगा , लेकिन इस गूढ़ तकनीकी का  इस्तेमाल  वह ना कर ले इस पर भी विचार करना होगा इसे पेटेंट कराना होगा और तुरन्त कार्यवाही करते हुए इसे हर डिग्री डिप्लोमा, माध्यमिक और उच्च कक्षाओं में अनिवार्य कर देना चाहिए और हर विद्यालय में इसके लिए अलग से बार लैब बनाया जाना चाहिये.. 

साथ ही साथ एक विश्वस्तरीय मदिर योग क्रिया और अनुसंधान केंद्र खोला जाए और तब वहाँ ट्रेनिंग दी जाए.

क्योंकि बनाने के लिए तो तमाम विश्व विद्यालय  पहले से हैं जो अच्छा कार्य कर रहे लेकिन पीने की तकनीकी सिखाने हेतु एक संस्थान अब अति आवश्यक है.

साथ ही फिलहाल घरों में दुबके लोगों तक  वेबिनार के माध्यम से हर शहर  के बड़े पियाक ( पियक्कड)  के द्वारा शराब पीने के तकनीकों और फायदों का प्रचार प्रसार किया जाना चाहिए ताकि घरों में छिपे डरपोक और कोरोना से  भयभीत लोगों को हौसला और प्रोत्साहन मिले साथ ही साथ उन्हें इस वेबिनार के लिए उचित सर्टिफिकेट भी मिले! 
यही नहीं यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि जो भी इस शराब पीने का बहिष्कार करे या शराब पीने के खराबी पर बात करे तो उसे कम से कम छः महीने सश्रम कारावास की सजा दी जाए..  ताकि उसे देश की अर्थव्यवस्था सनद रहे.. 

यही नहीं कोरोना से लड़ने वाले डॉक्टर और नर्सों पर बरसाए फूलों के बाद अगला कदम हर ठेकों पर फुल बरसाने का इंतजाम किया जाए और इसमे वायुसेना के सम्पूर्ण सैनिकों का इस्तेमाल किया जाए ताकि ठेके की संख्या अस्पताल से ज्यादा होने के कारण सब ठेकों को कवर किया जा सके और हर सैनिक इन योद्धाओं के पराक्रम से सीख ले और गौरवान्वित् महसूस करे.. 

कहते हैं परिस्थियाँ इंसान के ज्ञान का कारण बनती हैं, और अभी सम्पूर्ण बुद्धिजीवी वर्ग के चिंता का विषय यह होना चाहिये कि हर शहर में कितने कारखानों को बंद कर दिया जाए और उनके बदले में कितने ठेके खोले जाये ताकि कोरोना जैसी महामारी के  आने पर भी हम अपने विश्व की पहली अर्थव्यवस्था वाले  स्वप्न पर जुड़ें रहें... 

चूँकि संकट काल में सबसे ज्यादा दोहन हमारे  पुलिस कर्मियों का होता है , और चूँकि ठेके पर पियक्कड  लोगों को संभालने में उन्हें निश्चित रूप से परेशानी हो रही होगी और चौराहे पर इन्ही लोगों को पीटने के बाद ठेके पर उनसे ही सोशल डिस्टेंसिनग का पालन करने के साथ बोतल खरीदने को कहने पर उन्हें जरूर ग्लानि हो रही होगी, तो उन्हें भी इस ग्लानि से मुक्ति हेतु मुहल्लों में बोतल पहुंचाने के कार्य में भी लगाया जा सकता है.. 

और सबसे जरूरी बात कि हर चौराहे पर उन तकनीक का  प्रयोग किया जाए जिससे यह पता चल सके कौन व्यक्ति बिना पिये या बिना बोतल के सड़क पर चल रहा है.. और जिस व्यक्ति के पास बोतल न मिले या मुह से दारू की खुशबू ना आये  या फिर  वह किसी भी अन्य जगह जैसे अस्पताल आदि  से आता मिले तो  उसे यह कह कर कि वह  बहाने बना रहा है ,उसे सौ डण्डे लगाने के बाद ही छोड़ा जाए ... हर सड़क पर लॉक डाउन तक "सिर्फ पियक्कड या नेता के लिए " लिखा बोर्ड भी लगवा देना चाहिए.. 

गरीब या ऐसा व्यक्ति जो रिक्शा चलाने के बाद रोज शराब पी रहा हो लेकिन अब  शराब ना खरीद सके या फिर कोई मजदूर जो सूरत , दिल्ली से बिहार जैसे दारू मुक्त जगह पर जा रहा हो उसे भी कड़ी से कड़ी सजा दिये जाने का प्रावधान लागू हो.. ऐसे व्यक्ति जो इस संकट काल में  अर्थव्यवस्था  को पटरी पर लाने में असमर्थ हों उन्हें निश्चित रूप से हमारे महान भारत के सड़क की पटरी पर भी चलने का अधिकार नहीं होना चाहिए... 


इस महान क्रांतिकारी कदम के ऊपर कविता ,कहानी ,लेख लिखने वाले के लिए भी सीधे मधु साहित्य अकादमी पुरस्कार, दारू रतन,  छद्म पुरस्कार आदि दिया जाना चाहिये, साथ ही बच्चन जी की  रचित मधुशाला  को धार्मिक ग्रन्थों में शामिल किये जाने के लिए केबिनेट मीटिंग बुला कर अध्यादेश  लाया जाना चाहिए... 
और फिर मधुशाला की एक कॉपी आगामी चुनाव में  अध्धा, पौवा के साथ  बांटी जानी चाहिए.. 


अंत में गुजारिश  अगर मैं महिमा मंडन के उपरोक्त लेखन में असफल हुआ हूँ तो भी   मेरे जैसे लोगों को भी नशे में ही हजार गाली दिया जाना चाहिए कि जब सम्पूर्ण देश अर्थव्यवस्था के सुदृढ करने वाले एक मात्र राम बाण की खोज कर चुका हो तो  इस महान खोज की गौरव गाथा में असफल कैसे.. 


बाकी हां मिलते हैं विश्व के प्रथम अर्थव्यवस्था में जल्दी ही, कोरोना से देश अगर तबाही से बचा तो ...  सिंहासनों के के हसीं स्वप्न और महत्वाकांक्षाएँ  राष्ट्र हेतु अक्सर कब्रिस्तान साबित होती आयी हैं  है..चाहें तो इतिहास के पन्ने पलट डालें.. 




अरे नींद टूट गयी... 

और गाना बजने लगा  

सबको मालूम है मै शराबी नहीं... 

और मुझे सुनाई दे रहा है . . . . . . 
 
अर्थव्यवस्था पटरी पे ना लौट पाए तो कोई क्या करे... 

वह कोरोना से मरे या फिर दारू से मरे.. 
सड़क पर पैदल चल के मरे तो भी कोई क्या करे .. 

सबको मालूम है वह शराबी नहीं.. 
जो भूख से तड़प के मर जाए तो कोई क्या करे.. 




©Rajeev Kumar Pandey "माहिर "

देश हित में अपने 90 प्रतिशत मित्रों से माफ़ी के साथ

शनिवार, 18 अप्रैल 2020

बिक रहे हैं कौड़ियों के मोल कफ़न आज भी


मौत  को  इंसानियत  से डर रहा है आज भी ,
रखवालों के हाथ में खंजर रहा है आज भी ,

खुद को मारा है इन्सान ने, अपने  जमीरों को दे सजा ,
कि आँखों के सामने उसके,लाशों का मंजर रहा है आज भी ...

जिन दरख्तों से काट दी हमने हजारों  डालियाँ ,
उन दरख्तों की गवाही देखिये कि, वहां बंजर रहा है आज भी,

खुद की तबाही का सबब जब रहा है तू यहाँ ,
फिर क्यूँ रोता हुआ , रात भर रहा है आज भी ??

हो रहे हैं सर कलम इंसानियत और ईमान के,
बिक रहे हैं देखिये जनाजे और कब्र इन्सान के ,

देख के मुस्कुरा रहे हम अपना ही दफ़न आज भी
बिक रहे हैं कौड़ियों के मोल कफ़न आज भी !

गुरुवार, 16 अप्रैल 2020

सत्यमेव जयते ?

मारों सालों को, 
हाँ मारो सालों को, 

साहब हमारा कसूर क्या है? 

साला हमसे पूछता है कसूर? 
चल चार लगा इसके पिछवाड़े पर, 
रे हरामी साला.. 

चल मुर्गा बन, 
घर जायेगा,
वहाँ महामारी फैलायेगा, 

साहब हमें नहीं पता था कि, 
8 बजे जब बारह बजे की बात होगी, 
तो हमारे बारह बज जायेंगे, 

मालिक अब मत मारिये लाठी, 
बहुत दर्द होता है.. 
नहीं साहब , 
मारिये और दो चार लाठी .. 
कि हम मर जाएं, 
साला ए भूख है न, 
इससे मरने से अच्छा है, 
कि आपकी लाठी से मरें, 
ताकि मर के भी आपको सुकून दिला पाएँ, 
कि आप ने सरकार के आदेश का पालन किया, 
कर्तव्य निभाया, 

गाली भी दीजिये थोड़ा, 
कई दिन से गाली भी नहीं खाया, 
कमी महसूस हो रही थी, 
आज पुरा किया आपने, 

लेकिन मेरी भी सुनिये उसके बाद पिटियेगा फिर से, 
और हमरे पिटाई का
बीडीओ भी बना लीजियेगा सर, 
फेसबुक पर बहुत शेयर होगा सर, 
हम फिर मुर्गा बनेंगे, 
पक्का वादा है सर, 



लेकिन ये बताइये, 
हम कब गए थे परदेश, 
जहाँ ई वाली स्टैंडर्ड बीमारी पकडा हमको, 
हम लोग के तो कोई पास भी नहीं आता था सर,
त कोई छुता भी नहीं था, 
लेकिन मान लिए सर नहीं जायेंगे हम घर, 


वह बड़बड़ाता रहा, 
साहब हमारे पास तो जो जमीं था 
वो बेच के तो एजेंट को पैसा दिये, 
उ खा गया तो हम
चले आये आपके, 
दिल्ली, लुधियाना, मुंबई, 
का करें आप बताइये, 


8 बजे आके 12 बजे ही क्यूँ सर, 
उसके एक दो घंटा पहिले काहे नहीं सर, 
सर सुनिये न जो थाली बजी थी, 
हम भी थे सर उसमे, 
बहुत जोर से बजाया था हमने भी, 
लेकिन हमको पता नहीं था न सर, 
अब थाली बजाना ही नियति है मेरी, 

उसी दिन फोन किये थे, 
मालिक को पगार देने को, 
बोला कि जाओ जिसको मर्जी बोल दो, 
अब तो छुटी बाद ही देंगे, 
सर हम फिर घर से निकल के 
आप ही जैसे खाकी वाले के पास जा रहे थे, 
उ रास्ते में ही मिल गए, 
उ भी वैसे  ही पीटे थे सर, 
जैसे आप पीट रहे हैं, 

लेकिन तब दर्द कम हुआ था सर ! 
भूखे नहीं थे न सर, 
लेकिन खत्म हो गया, 

ई बताइये सर, 
ई जब आप लोग हमलोग का कॉलर पकड़ के, 
जब पीटते हैं तो आप को भी न हो जायेगा सर, 
और सर आप तो मुह नहीं न बांधे हैं सर, 

रे साला तुम हम से कानून हगता है रे, 
पुलिस को सिखायेगा, 
कानून, 
साले डाल देंगे जेल में सडोगे वहीं, 

साहब ले चलिए जल्दी
उहाँ खाना त मिलेगा न, 
साहब कोई भीख भी नहीं देता है, 
एक मीटर से दूर रहना है न साहब, 

हमको जेल ही ले चलिए, 
या फिर वहाँ जहाँ रैली हो रही हो, 
या वहाँ जहाँ नारा लगाना हो, 
उहाँ त खाना भी मिल जाता है, 
और दु सौ तीन सौ रूपया भी, 


सिपाही को जाने क्या सुझा, 
उठा , 
गाड़ी से अपना लंच बॉक्स लाके दे दिया, 
सुबह से वो भी भूखा था,
लेकिन जाने क्यूँ वह भूख भूल गया अपनी,

 
बात करते उसने फिर से पूछा साहब, 
जेल में खाना मिलेगा न ? 

तभी गाड़ी मे बैठा कोई चिल्लाया, 
रे साला, 
तुम इससे बतिया रहा है, 
मारो चार और इसके पिछवाड़े पर, 

सिपाही ने डण्डा उपर उठाया, 
हाथ काँप गया, 
डंडा गिर गया, 
आँख के कोर पर दो बूँद आ गयी थी, 
कांपते होठों ने कहा, 
क्या यही है लोकतंत्र  ??

और पुलिस की गाड़ी पर 
वह सवालिया निगाहों से देखने लगा, 
छोटे-छोटे अक्षरों में लिखा था, 
"सत्यमेव जयते"
सिपाही बोला क्या सच में ? 






मंगलवार, 14 अप्रैल 2020

मजबूर बिहार, मजबूत बिहार या फिर मजदूर बिहार ?

अभी जब मैं यह लिख रहा हूँ ,तो पंजाब के किसान बिहार से जाने वाले उनके खेतों में काम करने वाले मजदूरों के लिए परेशान हैं। और मुम्बई में उतर भारतीय लोग बांद्रा में भीड़ जमाये बैठे हैं। 

अब आगे

अगर आप को गमछा, लिट्टी -चोखा, धोती -कुर्ता, छठ और होली का मतलब बिहारी होना लगता  है तो माफ़ करें, दोनों हाथ जोड़ के कह रहा हूँ कि अब आप आगे नहीं पढ़ें। 

अगर किसी शहर में किसी रास्ते के किनारे खड़े खड़े किसी भी इंसान को पेशाब करते देखते हुए किसी के यह कहने "कि अरे पक्का बिहारी है " पर आपको तकलीफ होती है लेकिन बोलने वाले को नहीं टोकते तो भी आगे नहीं पढ़ें। 


साथ ही आगे पढ़ने से पहले यह कर बद्ध प्रार्थना कि अगर आप प्राउड बिहारी हैं या फिर  किसी पुर्वाग्रह से ग्रसित हैं ,तो आप  आगे नहीं पढ़ें। क्योंकि मैं नहीं चाहता कि आपका वर्षों से जुटाया हुआ गर्वित करता आपका पुर्वाग्रह खंडित हो। 

लेकिन अगर आप के अंदर कुछ रोज मर रहा है बिहारी और बिहार सुन कर तो जरूर पढ़ें। 

ये समझिये कि यह कहानी बिहार से निकले हर व्यक्ति का है , जो पहली बार आँसू भरी आँखों से बिहार से निकलता है ,और फिर बिहार को खुद के अंदर से निकालने की कोशिश करते उम्र गुजार देता है। 
पहली बार किसी जनसेवा और जननायक ट्रेन से या फिर राजधानी पकड़ के पटना, दरभंगा, भागलपुर, बलिया सिवान, छपरा से जब बिहार छोड़ता है ना,तो शुरू के कुछ दिन तक तो उसका मन नहीं लगता और फिर एक ऐसी स्थिति आती है ,जब वह फिर वापस उन्हीं जगहों पर नहीं लौटना चाहता। चाहे इसके लिए उसे सूरत, दिल्ली, मुम्बई में जाके झुग्गी, खोली में रहना पड़े या फिर उसे अपने खून ,पसीने, ठगी आदि से फ्लैट लेना पड़े। 

धीरे -धीरे रोज एक एक कतरा बिहारी वो मारता रहता है अपने बिहारीपन में से।  उसकी सारी कोशिश रहती है कि उसके अंदर का बिहार मर जाए। 
कितनी ताज्जुब की बात है कि एक पंजाबी, बंगाली ,उड़िया , गुजराती को कभी समस्या नहीं हुई अपने राज्यों के नाम से लेकिन हम बिहारियों को जरूर होती है। 

ख़ुद के अंदर के बिहारी  को  निकालने के क्रम में मै ऐसे तमाम लोगों से दिल्ली,चंडीगढ़, गुजरात, राजस्थान के शहरों में मिला हूँ, जो अपने परिचय में बिहार को नहीं शामिल करते जब तक उन्हें मैं यह नहीं बता देता कि मैं बिहार से हूँ। 

हो सकता है कुछ लोग होंगे जो इसके अपवाद हों ,लेकिन ऐसे लोग भी या तो किसी मजबूरी वश हैं,किसी और कारण वश हैं या फिर खुद को ढाल चुके हैं। 
यहाँ ढाल चुके का मतलब उस माहौल से है, जिसने बिहार को बिहार बना रखा है, और बिहारी को बाहर के लोगों की नज़र वाला बिहारी। 

शहर कोई भी हो देश कोई भी हो, फैक्टरी कोई हो लेकिन वहाँ पर काम करने वाला बिहारी जरूर होगा। 

दुबई जैसे शहर की सब ऊँची और चमचमाती और आसमाँ को छूती बिल्डिंग ऐसे नहीं चमकती, उसमें कुछ बिहारी मजदूरों का पसीना और उनके बिके हुए जमीन के टुकड़े में बसा हुआ एक बेहतर भविष्य का सपना चमकता है।  आज भी, 1500 रुपया थाने में बेगुनाही के लिए जमा करने के बाद जो पासपोर्ट आता है ,तो उसी के साथ उम्मीदें और बेहतर कल के सपने में बिहार से बाहर चले जाने का दर्द , अपनों से दूर होने का दर्द कहीं रिसते हुए खत्म हो जाता है। 
और सपनों के बेचने का खेल दलाल खेलते रहते हैं, और एक बड़ा व्यापार चलता रहता है। 

गुरुग्राम के गाड़ियों के पार्ट्स बनाने वाला सारी उम्र, रहने ,खाने ,दिहाड़ी  के जुगाड़ के बाद ठेकेदार बनने के सपने देखता रह जाता है और बिहार भूल जाता है।  लुधियाना की वुलन फैक्ट्री, या फिर सूरत की साड़ियों पर कसीदा कारी करता हुआ बिहारी जब वापस गाँव लौटता है, तो वह अपने बनाये हुए एक स्वेटर, शाल और साड़ी तक लाने की औकात में नहीं होता। 
क्योंकि उसके रोज के बचाये पैसे से कोसी के शाप से संतप्त  अपने छप्पर की मरम्मत करानी होती है। 

मुम्बई में हीरो बनने जाने वाला बिहारी कब उतर भारतीय हो जाता है ,उसे समझ ही नहीं आता, हीरो बनने वाला युवक कब वहाँ स्पॉट बॉय, और कराउड/ साइड डांसर बन के गुम हो जाता है, उसे कभी खबर नहीं होती। लेकिन सबके बावजूद वह वापस बिहार नहीं जाना चाहता। क्योंकि सपनों के कब्र गाह  में कौन वापस जाना चाहता है। 
यही नहीं जो सफ़ल हो जाता है, वह भी नहीं जाना चाहता वापस।

जरूर आप सोचने लगे होंगे कि अरे ये तो खाली खराबी और बुराई की ही बात करता है। 

तो आइये उन बातों पर भी एक नजर डाल लें जो हमें महान बनाता है। हमारे लिए आज भी वह बदमाश, सांसद, नेता महान है, जिसके आस - पास दस- बीस बिना लाइसेंस के कार्बाइन, रिवाल्वर, राइफल वाले गुंडे घूम रहे हों।  हमारे लिए सबसे ज्यादा सम्मानित वही नेता जी लोग होते हैं जिनके ऊपर दस- बीस मर्डर का केस लदा हो। और 10 x 10 के दड़बों में जब हमें किसी से बड़ा बनना होता है, तो हम तुरन्त उन्हीं गुंडों का नाम लेते हैं। 

भले ही बाहर दड़बे  से बाहर निकलते ही हमारा प्राउड टू बी बिहार फुस्स हो जाता है। अकेले बोलने से हमें डर लगता है लेकिन दस बीस हों तो हम शेर हैं। 
अरे हाँ खुद को खुश करने के लिए हमने मुहावरा भी तो बना लिया है," एक बिहारी सब पर भारी "
और बाहर वालों ने इसका जवाब भी बना लिया है " एक बिहारी सौ बीमारी " । 

लेकिन हमें क्या जी, देश के पहले राष्ट्रपति हमारे ही यहाँ सिवान के थे, लेकिन साथ ही हम यह भूल  जाते हैं , उसी सिवान के जहाँ तेजाब से नहला के लोगों को मार दिया गया, जो बिहार में गुंडागर्दी के नाम से फेमस रहा । 
इससे भी क्या नालंदा तो बिहार में ही था न मगध भी था, काफी तो है बिहार के लिए घमण्ड करने के लिए। 


लेकिन हमें क्या जी हम तो या तो गुंडा बदमाश बनते हैं, या फिर सीधे IAS PCS रिजल्ट देखिये कभी भरा होता है नाम बिहारियों का, साथ ही अखबार भी तो देखिये वो भी भरा होता है, खूनी खबरों से,  गुंडागर्दी  लूट पाट , धोखाधड़ी की खबरों से। 
और तो कितना घमंड करें, हमारी टॉपर बनती नहीं बनाई जाती है, अब हर किसी को यही लगता है ,कि हमारे यहाँ नकल  ही कारोबार है।  हमारे विश्वविद्यालयों की शाख अब ये है कि यहाँ साइंस का छात्र हो या आर्ट का वह किसी शहर के किसी फैक्टरी में काम करता है ,और फिर आके साल दो साल में एक बार होने वाली परीक्षा देख के (देके नहीं) वापस चला जाता है। 
लेकिन फिर भी हमारे यहाँ गणित बहुत तेज है, जानते हैं क्यूँ क्योंकि भूखा व्यक्ति गिनती  बढ़िया करता हैं, हमारे यहाँ पटना के "आनंद कुमार" के ऊपर फिल्म बन जाती है, वो हिट रहते हैं। लेकिन डॉक्टर वशिष्ठ नारायण सिंह को मरने के बाद एंबुलेंस नहीं मिलता। और फिर सरकारी सम्मान का ड्रामा किया जाता है। एक कड़वा सच है ,हमारे यहाँ जो सम्मान के काबिल है, वह कभी सम्मानित नहीं होता। 

और जब हम अपने राज्य में सम्मानित नहीं होते तो बाकी जगह सम्मान  की लडाई कैसी? 

ये सच है हिंदुस्तान सबका है, क्षेत्रवाद राज्यवाद पर बात बेमानी है, लेकिन जो भैया / भईया शब्द लक्ष्मण का राम के प्रति प्रेम दिखाता था, वह पंजाब, हरियाणा, गुजरात महाराष्ट में नफ़रत के किस पराकाष्ठा  को छुता है ,इसे बस वहाँ काम करने वाले मजबूर मजदूर समझ सकते हैं,हम और आप जैसे थोड़ा ठीक से रहने -दिखने वाले थोड़ा कम। लेकिन राह चलते सुनाई दे जाने वाला शब्द बिहारी कचोटता तो है। 

लेकिन हम भुलाने की कोशिश करते रहते हैं, और हमारा बिहारीपन होली और छठ पर ही निकल के बाहर निकल के आता है। 

बाढ़ होती है, तो कोई माई- बाप नहीं होता बिहार का , सूखा पड़ता है, तो भी कोई माई - बाप नहीं, जो रहनुमा हैं राज्य के वो ठीक से भाषण तक दे के तसल्ली नहीं दिला पाते किसी को बिहारियों को। आपदा आते ही उनके ऊपर मानो आफत आ जाती है,  मुह में दही जम जाती है लेकिन अफसोस कि हम फिर उन्हें अपना रहनुमा बना देते हैं। 

आज ये जो बिहार हमने पाया है यह हमारी किस्मत से नहीं मिला है ,इसे हमने और आपने मिल के खड़ा किया है। जहाँ गुंडा गर्दी कारोबार है, वहाँ किसी  को करोबार शुरू भी करना हो तो या तो उसे गुंडा बनना पड़ेगा ,और नहीं तो उसे गुंडों के करोबार को जिंदा रखने के लिए कुछ ना कुछ घूँट पिलाना पड़ेगा। वरना किसी भी दिन आप को किसी भी सुनसान सड़क पर गोलियों से छलनी कर दिया जायेगा। 

अरे हाँ एक बात और कला और संस्कृति तो रह ही गया है,   देवघर में एक महीना तक भक्ति गीतों को गाने वाला जब सावन के बाद अपने फॉर्म में आता है ,तो उसका संगीत आपके कान को बंद करने के लिए आपको मजबूर कर देता है। और YouTube पर छाए महान गायकों ने भी बिहार की छवि को चमका के रखा हुआ है।  हम सभी कहते हैं कि हम खराब गीत नहीं सुनते लेकिन फिर करोड़ों बार देखता कौन है। 
खैर हमाम में सब नंगे हैं, कोई रेन कोट पहन के नहा रहा कोई, कोई चेहरे पर नकाब लगा के। 

लेकिन कौन कहे और किससे कहे, हमारा बिहारी guy एंड Dude कहीं नाराज न हो जाए इसलिए हमने adjustment को अपना हथियार बना लिया है, और अपनी नियति भी। 

सुबह से शाम तक न्यूज़ चैनलों पर आके चारण वंदना करने वाले नोएडा के न्यूज़ चैनलों में लगभग आधे से ज्यादा बिहार से हैं ,और शायद अपनी चाटु कारिता को उन्होंने बिहार से बाहर रहने का रास्ता बना लिया है। वो छठ- होली में आते हैं ,तो बड़ा प्रेम उमड़ के आता है, बिहार के बाढ़ में तो मानो बिहार से ज्यादा उन्हीं के आँखों में बाढ़ होता है, लेकिन कभी किसी मुख्यमन्त्री को पकड़ कर उससे यह सवाल नहीं पूछा कि ये बाहर में जो मजबूर और मजदूर बिहार की छवि है इसे तोड़ने के लिए का किये हो तुम?  
यहाँ सरकारें भी वही हैं, हम भी वहीं हैं,  गुंडे भी वही हैं, लोग भी वही हैं। या तो हम बिहार से भाग जायेंगे और कानों में पत्थर डाल लेंगे की सुनाई ना दे या फिर खुद को सम्राट अशोक के वंशज मान के शांत पड़े रहेंगे। 

खैर अभी मुम्बई में, आनंद विहार में  हम बिहारियों की भीड़ खत्म होने की आने वाले दस बीस सालों में कोई उम्मीद मुझे नहीं दिखती।  कुछ जेनरल ट्रेनें और बढ़ा दी जायेंगी ताकि पंजाब, दिल्ली, गुजरात, जाने वाले मजदूरों को तकलीफ ना हो। और नितीश जी चिल्ला के कह पाएं हमारे बिहारी भाइयों को कुछ हुआ तो....... हम उन्हें वापस अपने यहाँ नहीं आने देंगे, क्योंकि हमारे यहाँ तो मोबाइल के टार्च जला के आपरेशन किया जा रहा आज कल। 

और ऐसा नहीं है कि यहाँ सभी मजबूर और मजदूर ही हैं, यहाँ सम्पति और पैसे के मामले में ऐसे भी लोग हैं जो दस बीस गाँव खरीद लें, लेकिन वे यहाँ नहीं कुछ कर के  नोएडा, गुरुग्राम, मुम्बई, दिल्ली जैसी जगहों पर रिहायशी सोसायटी के मालिक हैं।  शायद उनके अंदर का भी बिहारी बिहार से डरने लगा है। हर सरकारी और गैर सरकारी कंपनी में बड़ी से बड़ी पोस्ट पर भी आपको बिहारी मिलेगा लेकिन वह भी टीस से मरता हुआ मिलेगा आपको और एक समेट चुका होगा अपने को एक दायरे में, एक दीवार उठा चुका है वह अपने इर्द गिर्द। यह दीवार वह ध्वस्त करता है कुछ दिन के लिए,जब गर्मियों की छुट्टियों में उसे अपने गाँव आना होता है। अपना छुट चुका बिहार का बीत चुका बचपन याद करना होता है। या फिर अपने बच्चों को पुराने घर में आँगन का मतलब बताना होता है। 

खैर चलते चलते, 
तो बिहार के और बिहारी के खेल का जिम्मेदार कौन है,
हम और आप और कौन?

हमीं पर हमारे कत्ल का इल्जाम भी आयेगा, 
गुनाहगार हैं हम और सजा हमें ही सुनाना है।