बुधवार, 17 जून 2020

रेलगाड़ी

जाने कितनी स्वप्न साधना,
लेके चलती है रेलगाड़ी,
इन पहियों पर हजारों
ख़्वाब इधर से उधर होते हैं,
एक साथ ,
हजारों मिलन और विदा ,
के बीच का पड़ाव लिए ,
चलती है ट्रेन !
मंथर सी चाल !

समंदर में चलता नाव

कोई पन्ना मानो बिखरा है ,
कहीं आस पास ही,
समंदर से हाथ दो हाथ करते हुए,
हिम्मत और जज्बात के साथ,
खुद से ही है युद्ध,
एक खोज खुद के अंदर,
अनवरत जारी है युद्ध,
खुद को पाने के लिए ,
जो गुम सा लगता है अब कभी,
लेकिन जारी है जंग,
जब तक पुनः पा न लें खुद को !
यूँ मानो समंदर में चलता हुआ नाव कोई,
पा जाए किनारा ..

मंगलवार, 16 जून 2020

एक दिन

एक दिन
बंद कर दिया हमने टीवी,
अचानक से लगा ,
नब्ज़ शांत पड़ने लगा,
मन परेशान और हैरान,
इतनी शांति से ,
दिल बैठा जा रहा था,
कोई कहीं चिल्ला नहीं रहा था,
कहीं कुछ महंगा नहीं था,
ना ही नमक में ,
आयोडीन की कमी थी,
ना पानी मे मिनरल्स की,
ऐसा पानी कौन पीता है,
बिना आयोडीन और मिनरल्स के,
कौन जीता है,
सामने वाली दीवार पर ,
हनुमान जी राम जी के पैर के पास,
हाथ जोड़े खड़े थे,
मकड़ी के जाले में मकड़ियां व्यस्त थीं,
जी और बैठने लगा,
बाहर निकला तो देखा आसमान में पक्षी थे ,
जैसे बचपन में उड़ते थे,
दिमाग मानने को तैयार नहीं था ,
कि ये पक्षी रोज उड़ते होंगे,
तभी आवाज हुई ,
लगा गली में कोई शोर है,
हृदय को लगा वापस कुछ मिल रहा है,
लगा कोई किसी को मार रहा है,
या फिर गाली दे रहा है ,
या फिर कोई किसी की बुराई कर रहा है,
लेकिन देखा तो कुछ नहीं था,
बच्चे खेल रहे थे कोई खेल,
दिल अब मानो बैठा जा रहा था,
हृदय से रक्त संचार रुकने को था,
इतना सन्नाटा बर्दाश्त नही हो पा रहा था,
कहीं पुराने अखबार भी नहीं,
कोई किताब नहीं ,
कोई उपन्यास नहीं ,
कैसे भी लड़खड़ाया उठा,
RO के बदले घड़े से पानी लिया,
सुकून नहीं मिला,
थोड़ा नमक मिलाया ,
सुकून नहीं मिला,
कहीं से कोई ख़बर नहीं,
और मुझे बिल्कुल सब्र नहीं,
काँपते हाथों से पुराना फोन उठाया,
डॉक्टर को नंबर मिलाया,
डॉक्टर आधे घण्टे में आया,
डॉक्टर ने कहा,
टीवी बंद क्यों है,
चार कंपनी की दवा दे रहा हूँ ,
खाइए,
और लीजिये ये चैनल देखिये,
टीवी ऑन हुआ,
डॉक्टर थोड़ा मौन हुआ,
मानो जीवन वापस आ गया,
मैं अपना हृदय स्पंदन वापस पा गया,
नब्ज़ की गति सामान्य हो गयी ,
टीवी पर प्राइम टाइम चल रहा था,
दो लोग आपस में चिल्ला रहे थे,
नीचे कोने में खबर थी ,
4 लोगों की भीड़ ने जान ले ली,
मैं RO खरीदने का मन बना रहा था,
और अपने स्मार्ट टीवी
और स्मार्ट फ्रिज और
स्मार्ट फोन की दुनिया मे वापस आ रहा था !

सोमवार, 15 जून 2020

रास्तों का विचलन

इतना आसान सा नहीं होता , रास्तों का विचलन ! चलते -चलते कुछ ठहराव और कुछ नयापन की तलाश कई बार मंजिल को आसान, रोमांचक तो कई बार बोझिल सी बना देती है ! फिर भी सफ़र ऐसा कि चलना जरूरी भी है और शायद मजबूरी भी ! कई पथिक ऐसे भी होंगे जिन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता किसी चीज से , वो बस चल रहे हैं अपनी गति ,और अपने चाल से बढ़ रहे हैं कि पहुँच तो जायेंगे ही ! और यही विश्वास उन्हें आगे बढ़ा रहा है ! दूसरी तरफ कुछ ऐसे भी राहगीर जो गुणा भाग में लगे हैं , भूतकाल के अनुभवों को भविष्य के पथ पर ले जाने से पहले वर्तमान की तराजू पर तौलने में वो कुछ खोना नहीं चाहते और शायद इस तरह से वे वर्तमान का आनंद खो रहे हैं ! लेकिन पाना और खोना ही तो जीवन का आनंद है ! जिसने सिर्फ पाया हो उसने और जिसने सिर्फ खोया हो उसने ,दोनो ही प्रकार के राही पूर्ण रूप से जीवन पथ को समझने में सफल रहे हों ऐसा नहीं कहा जा सकता शायद ! लेकिन शायद सबसे आनंद की विषयवस्तु है वर्तमान को आत्मसात करना और मंजिल और रास्ते के साथ का तारतम्य 

रविवार, 14 जून 2020

हिन्दू धर्म vs संत


धार्मिक मान्यताएँ हमेशा ही धर्म के उत्कर्ष या उत्थान के लिए एक आवश्यक अंग की तरह से देखा जाती रही हैं ! और इन मान्यताओं के प्रचार प्रसार के लिए आदिकाल से ही धर्म प्रचारक, सन्त ,धार्मिक गुरुओं की महत्ता रही है ! लेकिन कालांतर में जैसे-जैसे समय बदल रहा है , हिन्दू धर्म में प्रचारकों, संतों गुरुओं की जगह दोयम दर्जे के मानसिकता वाले व्यक्तियों ने ले लिया और यह आज भी निरंतर जारी है ! हमने या आपने कभी कारण ढूंढने की कोशिश नहीं कि हमने अपनी मानसिकता बदलना जारी रखा !
हमने पहले एक संत देखा अनुयायी बने, फिर जब उसने धोखा दिया तो हमने दूसरे में सन्त देखा फिर उसने धोखा दिया तो हम तीसरे में देखने लगे और यह अनवरत जारी रहा ! और इसका फायदा उठाया है धार्मिक व्यापारियों ने , उन्हें हमारी धार्मिक आस्था और मानवीय आस्थाओं में एक बड़ा व्यापार दिखा , और हम उन्होंने हमें उस व्यापार में उपभोक्ता की तरह देखा , और बाकी व्यापारों में जिस तरह से उपभोक्ता शिकार होता है , हम भी शिकार होते चले गए ! और इन धार्मिक व्यापारियों का वर्चस्व कुछ इस तरह से रहा कि जो वास्तविक सन्त या प्रचारक थे वो या तो गौण होते गए या फिर उन्हें ख़ुद को गौण करना पड़ता रहा !
और धार्मिक उपभोक्तावाद के इस बाज़ार का खेल किसी बड़े नशे के व्यापार से भी ज्यादा बड़ा रहा है, इसमें किसी हम इस कदर जकड़ जाते हैं कि हमें इस बात का आभास भी नहीं रहता है कि हम जिसे अपना आराध्य सन्त मान रहें हैं उसका भूतकाल कैसा रहा है ! हम झुंड के भेड़ों की तरह चरण वंदन में इस कदर धन्य महसूस करने में व्यस्त रहते हैं कि वास्तविकता से हमारा परिचय भी नहीं हो पाता है ! और वही आराध्य जब किसी मुकदमे, या किसी व्यभिचार वाले केस में फंसता है तो हम अपना माथा पीटते हैं ,क्योंकि हमारे पास अपना माथा पीटने के सिवा कोई और चारा भी नहीं रहता है !
लेकिन ये ऐसे ही नहीं होता, होता कुछ यूं है कि हमारे पास अच्छे सन्त और छद्म सन्त दोनों होते हैं लेकिन सच के संत को भीड़ से मतलब नहीं होता तो हमें मार्केटिंग के तहत जिसका मार्केट वैल्यू ज्यादा दिखाया जाता है हम उस तरफ मुड़ जाते हैं !
हम यह नहीं सोच पाते कि जो वास्तव में सन्त है उसे महँगी गाड़ियों, अरबों के बंगलों, महंगे कपड़े, महंगे उपहारों और चढ़ावा, टीवी चैनलों पर महिमामंडन की आवयश्कता क्यूँ क्रमशः

शनिवार, 13 जून 2020

भावुकता का दौर

एक दौर होता है, जो भावुकता का होता है, तब छोटी-छोटी बातें भावुक कर जाती हैं, जैसे कि घर से दूर जाना, यारों -दोस्तों से दूर जाना, पहली बार किसी शहर में पढ़ने जाना, या फिर कॉलेज से पहली बार निकलना, या फिर नौकरी के सिलसिले में किसी शहर में पहली बार जाना !
और फिर एक दौर आता है कि सब एडजस्टमेंट की चीज हो जाती है ! इसमें जो चीज भावनात्मक रूप से कमजोर लोगों के लिए कठिन होता है वो भावुकता को एडजस्ट करना !
बहुत सारे लोगों के लिए इस भावुकता को उतना महत्व नहीं दिया जाता , उनके लिए भी देश छोड़ के कहीं और जाते वक्त या परिवार से निकलते वक्त यह थोड़ा सा हावी होने की कोशिश करता है !
लेकीन उनकी मजबूत इच्छाशक्ति और महत्वकांक्षाएं इतनी मजबूत होती हैं कि वो अपनी इस कमजोरी को क्षणभर में दूर कर के आगे बढ़ जाते हैं ! लेकिन जो ऐसा नहीं है ,वो अपने तमाम गुणों और व्यक्तिगत उपलब्धियों के बाद सिर्फ भावुकता में बह के उस गति से आगे नहीं बढ़ पाता ,और कई बार इन सब चीजों की वजह से वो अभीष्ट स्थान पर नहीं पहुँच पाता !
और कालांतर में भावुकता के वशीभूत कभी-कभी उससे मंजिल तक पहुंचने में थोड़ा वक्त लगता है ! और उसे इस बात का एहसास तब होता है जब वह चारों तरफ यह पाता है कि भावुकता का स्थान या तो सबसे नीचे है या फिर इसे ज्यादातर मामले में नकारात्मक पहलू माना जाता है ! लेकिन भावुक व्यक्ति इसे तब भी पूर्णतः आत्मसात नहीं कर पाता ! और वह अपनी दुनिया में ही व्यस्त और मस्त रहने की जुगत में लगा रहता है !
किसी की जीत किसी की हार,
यूँ ही बढ़ रहा संसार !!

शुक्रवार, 12 जून 2020

मरे हुए आदमी की कविता


------------------------
आदमी तो आदमी होता है,
जब जिंदा होता है,
लेकिन जैसे ही मरता है,
आदमी आदमी नहीं रह जाता,
वो कुछ हो जाता है,
किसी के लिए सामान,
किसी के लिए सम्मान,
किसी के लिए हिन्दू,
किसी के लिए मुसलमान,
किसी के लिए दलित ,
किसी के लिए सवर्ण,
किसी के लिए ब्राह्मण ,
किसी के लिए
ठाकुर ,यादव, आदि, आदि,
लाश की तो पार्टी भी बदल जाती है,
वो कभी इस पार्टी का ,
कभी उस पार्टी का,
हो जाता है ,
लेकिन आदमी, आदमी नहीं रहता,
जिंदा रहता है तो,
किसी का अपना सगा,
किसी का शत्रु होता है,
लेकिन मौत के बाद,
आदमी एक मुक़म्मल लाश भी नहीं रहता ,
गिद्धों के ठहाकों के बीच में,
आदमी सामान रह जाता है !

नग्न पाँव के छालों से

सिकन्दर का गुरुर भी यहाँ टूट के बिखरा,
सियासत दारों तुम ना बचोगे ऊँची दीवालों से !
हो जाओगे आखिर महरूम तुम भी निवालों से,
बस दो-दो हाथ नहीं करो, नग्न पाँव के छालों से !  

गुरुवार, 11 जून 2020

किसानों से एक निवेदन


------------------------------
हे किसान ऑफ भारत, एक किसान पुत्र होने के नाते मैं कुछ कहना चाह रहा हूँ ! इस आज़ाद भारत को आप अपने लिए आज़ादी मत मानिए ! पहले आप नील उगाते होंगे अब कुछ और उगाते हैं, लेकिन अपने हालात को लेके किसी से भी उम्मीद मत पालिये !
अगर आप को आन्दोलन करना है तो आप जहां भी हैं वहाँ से ही आंदोलन करें ! किसी नेता के कहने पर ट्रक और बस में लद के आप दिल्ली ,लखनऊ, पटना अहमदाबाद में लाठी उठाये चले आते हैं , और दूसरे नेता के कहने पर आप लाठी खा कर वापस चले जाते हैं !
हो सकता है, आपको इस एक दिन के लिए 200-300 रुपये मिले होंगे लेकिन जब आप वापस जाएंगे तो सवारी के अभाव में आप को उनमें से कुछ पैसे रास्ते में देना पड़ जाए !
आप जंतर मंतर पर न जाएं ना ही रामलीला मैदान ही क्योंकि दिल्ली के ये सब जगह आपके धरना नहीं ,आपके मंत्री संतरी लोगों के लीला के लिए बना है ! दिल्ली ही आना है तो किसान बन के नहीं आये , आप किसी पार्टी से जुड़ के आएं या केसरिया या हरा झंडा उठा कर आएं , और देखें फिर कहाँ हिम्मत है जो कोई दिल्ली में आपको घुसने से मना कर दे !
आप किसान हैं , और आप ज्यादा ही गम्भीरता से लेते हैं जय जवान, जय किसान वाले नारे को ! और आप ही सबसे ज्यादा बेचैन रहते हैं अपने बेटे को सेना के जवान बनाने को ,जिसे मजबूरी में नौकरी बचाने के लिये अपने आलाकमानों के आदेश से मजबूर आपके ऊपर पानी बरसाना पड़ता है ,गोली दागनी पड़ जाती है ! वो भी क्या करे उनमें से कुछ घर जाके अफसोस जरूर करते होंगे !
आप अपने धोती को जितना मैली करेंगे ,आपके हुक्मरानों के कुर्ते उतने ही सफेद होंगे !
आप आंदोलन करिए जैसे महराष्ट्र में किसान मजबूरी में किये थे , परेशानी सहिये , और सिर्फ उतना ही अन्न पैदा कीजिये जो सिर्फ आप के काम आए ! बाजार में मत बेचिए , फिर वो सारे बुद्धिजीवी सरीखे परजीवी जो आपको गुंडा मवाली बदमाश साबित करने पर तुले हैं , निवाले को तरसेंगे और तब आपकी भूख की कीमत , आपके जलती पीठ, जाड़े में कांपते पानी में डूबे घुटनों की सिहरन उन्हें उनकी कानों को महसूस होगी !
मैं जानता हुँ ये आसान नहीं है ,लेकिन इतना जरूर जानता हूँ कि आप तब भले ही बीमारी से मर जाएं , लेकिन खाद के लिए लिए गए कर्ज से , पुलिस के डंडे से , आत्महत्या से , फसलों के सुख जाने को देखते हुए दर्द से नहीं मरेंगे !
क्रमशः

बुधवार, 10 जून 2020

अहले शहर की बातें,

कुछ भी नहीं बुरी हैं,
इस अहले शहर की बातें,
यूँ शाम के तराने,
यूँ घनी रातों की बातें,
कुछ लोग हैं जो बाकी,
अपने से इस शहर में,
अपने से थे वो खूब ,
क्यूँ अब होने लगे बेगाने ,
यूँ शाम ढल सी जाएगी,
यूँ सफर गुजर जाएगा,
एक बार सुबह जो हुई तो,
फिर सूरज निकल जायेगा ..